धामी सरकार के छह साल पर कांग्रेस का हमला, सरकारी जमीनों को लेकर लगाए गंभीर आरोप
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस ने प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताएं आयोजित कर राज्य सरकार पर सरकारी जमीनों और संपत्तियों को निजी हाथों में देने का आरोप लगाया। देहरादून में पत्रकार वार्ता को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी और प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने संयुक्त रूप से संबोधित किया।
डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने आरोप लगाया कि रुद्रप्रयाग जिले के दुग्गल बिट्ठा, फाटा और गुप्तकाशी स्थित लोक निर्माण विभाग के तीन निरीक्षण भवनों को सरकार निजी हाथों में देने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर भूमि की उपलब्धता सीमित होने के कारण ये संपत्तियां महत्वपूर्ण हैं और केदार घाटी की धरोहर से जुड़ी हुई हैं।
गोगी ने कहा कि सरकार उत्तराखंड इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर बोर्ड (UIIDB) के माध्यम से सरकारी विभागों की जमीनों और संपत्तियों को दीर्घ अवधि की लीज पर निजी क्षेत्र को देने की दिशा में आगे बढ़ रही है। कांग्रेस नेताओं ने नैनीताल के पटुवा डांगर की करीब 14 एकड़ भूमि, हरिद्वार के अलकनंदा होटल और ऋषिकेश के लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन से संबंधित प्रस्तावों और निविदाओं का भी जिक्र किया।
प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा UIIDB को सरकारी विभागों की करीब 1,200 एकड़ भूमि देने से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी जा चुकी है, जबकि कई अन्य प्रस्ताव लंबित हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आशंका है कि इन संपत्तियों को आसान शर्तों पर निजी कंपनियों को लंबे समय के लिए दिया जा सकता है।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग के करीब 25 निरीक्षण भवनों और पर्यटन विभाग की कुछ संपत्तियों को भी निजी हाथों में देने का सैद्धांतिक निर्णय लिया गया है। उन्होंने वर्ष 2022 में कैबिनेट से संबंधित निर्णय का हवाला देते हुए सरकार से सरकारी संपत्तियों को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने मसूरी के हाथीपांव स्थित पार्क एस्टेट की करीब 142 एकड़ भूमि को लीज पर दिए जाने का भी उल्लेख किया और सरकार की भूमि नीतियों पर सवाल उठाए। साथ ही कांग्रेस ने पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान भू-कानून में किए गए बदलावों का जिक्र करते हुए वर्तमान सरकार पर इसे और आसान बनाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस ने कहा कि सरकारी जमीनों और संपत्तियों को निजी हाथों में जाने से रोकने के लिए पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। रुद्रप्रयाग में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा दुग्गल बिट्ठा, फाटा और गुप्तकाशी स्थित संपत्तियों पर रक्षा सूत्र बांधकर विरोध अभियान शुरू करने की बात भी कही गई।
संवाददाता - प्रवचन सिंह
No Previous Comments found.