444 ड्रॉपआउट छात्राओं का चिन्हीकरण 112 का स्कूल में दाखिला 11 और बालिकाओं को जोड़ने की तैयारी
देहरादून - शिक्षा से वंचित और ड्रॉपआउट छात्राओं को दोबारा स्कूल से जोड़ने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक जिले में 444 ड्रॉपआउट छात्राओं का चिन्हीकरण किया जा चुका है।अभियान के पहले चरण में 112 छात्राओं का विद्यालयों में दाखिला कराया जा चुका है, जबकि दूसरे चरण में 111 और ड्रॉपआउट छात्राओं को स्कूल से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।
पारिवारिक परिस्थितियों के कारण शिक्षा से वंचित न रहे कोई बालिका
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पारिवारिक समस्याओं, आर्थिक कठिनाइयों अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण किसी भी बालिका की पढ़ाई बाधित न हो। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक ड्रॉपआउट छात्रा की स्थिति की जानकारी लेने और उसकी आयु एवं शैक्षणिक स्तर के अनुरूप विद्यालय में दाखिला सुनिश्चित करने को कहा है। डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि अभियान केवल ड्रॉपआउट छात्राओं के चिन्हीकरण तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके विद्यालय में पुनः प्रवेश की प्रक्रिया को भी प्रभावी ढंग से पूरा कराया जाए। जरूरत पड़ने पर संबंधित परिवारों से समन्वय कर बालिकाओं को शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर
जिला प्रशासन के अनुसार, अभियान का उद्देश्य उन बालिकाओं को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है, जिनकी पढ़ाई किसी पारिवारिक या सामाजिक परिस्थिति के कारण बीच में छूट गई है। पहले चरण में 112 छात्राओं का दाखिला कराना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि बालिकाओं को दोबारा स्कूल से जोड़ने से उन्हें अपनी शिक्षा पूरी करने के साथ-साथ भविष्य में आत्मनिर्भर बनने और अपने लक्ष्यों को हासिल करने का अवसर मिलेगा। शिक्षा विभाग और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
संवाददाता - प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.