मेट्रो के नाम पर 80–90 करोड़ खर्च का AAP ने मांगा हिसाब राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

देहरादून । नियो मेट्रो परियोजना को लेकर आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए सर्वे, डीपीआर, कंसल्टेंसी और अन्य तैयारियों में खर्च की गई धनराशि का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है। शुक्रवार को महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री के नेतृत्व में आप कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद तिवारी को ज्ञापन सौंपा। आप प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया ने आरोप लगाया कि देहरादून में नियो मेट्रो परियोजना के नाम पर लंबे समय से जनता को उम्मीदें दिखाई गईं। पार्टी का दावा है कि सर्वे, डीपीआर, कंसल्टेंसी और अन्य प्रक्रियाओं में अनुमानतः 80 से 90 करोड़ रुपये तक खर्च किए गए हैं। आप ने सरकार से पूछा कि यह धनराशि किस मद में, किन एजेंसियों के माध्यम से और किन कार्यों पर खर्च की गई।

महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने कहा कि जनता के टैक्स से होने वाले प्रत्येक खर्च में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने सरकार से पूर्व में तैयार कराई गई डीपीआर और सर्वे रिपोर्ट की स्थिति स्पष्ट करने तथा उन पर हुए खर्च का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। आप ने राज्यपाल से नियो मेट्रो से संबंधित अब तक हुए सभी सर्वे, डीपीआर, कंसल्टेंसी फीस और अन्य खर्चों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पार्टी ने परियोजना की वर्तमान स्थिति, व्यवहार्यता और भविष्य की कार्ययोजना सार्वजनिक करने की भी मांग रखी।

ज्ञापन में आप ने मांग की कि नियो मेट्रो से जुड़े सभी सर्वे और डीपीआर सार्वजनिक किए जाएं, 80–90 करोड़ रुपये के अनुमानित खर्च का मदवार ब्यौरा सामने रखा जाए, संबंधित कंसल्टेंसी और एजेंसियों को किए गए भुगतान की जानकारी दी जाए तथा किसी अनियमितता की पुष्टि होने पर जिम्मेदारी तय की जाए। आप प्रदेश मीडिया प्रभारी विपिन खन्ना ने कहा कि पार्टी विकास परियोजनाओं के विरोध में नहीं है, बल्कि सार्वजनिक धन के इस्तेमाल में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रही है। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव श्याम बाबू पाण्डेय, हिमांशु पुण्डीर, जितेन पंथ, शैलेश तिवारी, कमल राणा, शरद जैन, वीके बजाज, आकेश भट्ट, वीर सिंह, गौरव उनियाल, यामिनी आले, शुभम कुमार, चंद्रशेखर भट्ट, रेखा सिंह, अफसाना सुल्तान सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संवाददाता :- प्रवचन सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.