नेपाल आपदा पीड़ितों की मदद के लिए गोर्खाली सुधार सभा ने जुटाई सहायता राशि
देहरादून : नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए गोर्खाली सुधार सभा की विभिन्न शाखाओं और सामाजिक संस्थाओं ने सहयोग राशि जुटाई। एकत्रित धनराशि शाखा अध्यक्षों एवं उनकी टीमों ने गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा को नेपाल आपदा राहत के लिए सौंपी। कौलागढ़ शाखा के अध्यक्ष सुशील भंडारी और उनकी टीम ने 1 लाख 9 हजार 401 रुपये की सहायता राशि दी। वहीं, शिव मंदिर समिति ठाकुरपुर की ओर से 56 हजार 152 रुपये सहयोग के रूप में प्रदान किए गए। भगवानपुर शाखा के अध्यक्ष सी.बी. गुरूंग और उनकी टीम ने 65 हजार रुपये की राशि सौंपी। देहरादून लिम्बु एसोसिएशन के अध्यक्ष डी.बी. लिम्बु एवं उनके सहयोगियों ने 1 लाख 62 हजार 815 रुपये नेपाल आपदा कोष के लिए दिए। इसके अलावा किरात राई संस्था की अध्यक्ष इंद्रा राई और उनकी टीम ने 60 हजार 100 रुपये, जबकि रामगढ़ शाखा के अध्यक्ष हरि प्रसाद थापा और उनकी टीम ने 1 लाख 13 हजार 461 रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
इस तरह इन छह संस्थाओं और शाखाओं द्वारा कुल 5 लाख 66 हजार 929 रुपये की सहायता राशि नेपाल आपदा राहत के लिए जुटाई गई। गोर्खाली सुधार सभा के केंद्रीय अध्यक्ष पदम सिंह थापा ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में सभी लोग पड़ोसी देश नेपाल के प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं और उनकी हरसंभव सहायता के लिए प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सहयोग राशि देने वाले सभी शाखा अध्यक्षों, उनकी टीमों और दानदाताओं का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजन क्षेत्री, उपाध्यक्ष पूजा सुब्बा चंद सहित विभिन्न शाखाओं के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.