रामकुमार वालिया के जन्मदिन पर भव्य आयोजन, 150 से अधिक हस्तियां सम्मानित; कई लोगों ने ग्रहण की कांग्रेस की सदस्यता

देहरादून : वरिष्ठ समाजसेवी रामकुमार वालिया के जन्मदिन के अवसर पर उनके सुपुत्र एवं अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया की ओर से देहरादून में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली 150 से अधिक हस्तियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद लोक कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने किया।

समारोह में राज्य आंदोलनकारियों, पूर्व सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, जाट एवं गुर्जर समाज के प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों, लोक कलाकारों, पत्रकारों, पार्षदों एवं पूर्व पार्षदों सहित सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों को शॉल, माला और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

रामकुमार वालिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए दिल्ली, गुरुग्राम, बिहार सहित विभिन्न स्थानों से लोग पहुंचे। सर्व समाज महासंघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पहुंचकर रामकुमार वालिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। प्रीतम सिंह ने उनके सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं को किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं रखा और लगातार समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सक्रिय रहे हैं। उन्होंने वैभव वालिया को आयोजन के लिए बधाई भी दी।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी रामकुमार वालिया के सामाजिक जुड़ाव की सराहना की और वैभव वालिया द्वारा आयोजित कार्यक्रम की प्रशंसा की।

कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ग्रहण की। इनमें वरिष्ठ समाजसेवी रजनीश वालिया, विद्या विहार वार्ड से निर्दलीय प्रत्याशी रहे देवेन्द्र जायसवाल तथा भाजपा के सोशल मीडिया महानगर प्रभारी रहे हारून अंसारी ने अपने साथियों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

अपने संबोधन में रामकुमार वालिया ने सभी अतिथियों, सामाजिक संगठनों, कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का आभार जताया। उन्होंने प्रीतम सिंह और हरीश रावत के साथ अपने संबंधों और उनसे मिले स्नेह एवं मार्गदर्शन को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों का सम्मान किया जाना उनके लिए व्यक्तिगत खुशी से अधिक सामाजिक संतोष का विषय है। उन्होंने अपने पुत्र वैभव वालिया की ईमानदारी, निष्ठा, संघर्ष और समर्पण पर गर्व जताया।

आयोजक वैभव वालिया ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में निस्वार्थ भाव से योगदान देने वाले लोगों का सम्मान करना आयोजन का मुख्य उद्देश्य था। उन्होंने कहा कि वे अपने पिता से मिले सामाजिक सरोकार और लोगों से जुड़ने की परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास करते रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में केक काटकर रामकुमार वालिया को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

कार्यक्रम में शूरवीर सजवान, धीरेंद्र प्रताप, जसविंदर गोगी, संजय शर्मा, अभिनव थापर, प्रदीप जोशी, नवीन जोशी, मनीष नागपाल, सुलेमान अंसारी, सीपी सिंह, नानक चंद, विकास नेगी, सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

संवाददाता : प्रवचन सिंह 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.