गांधी जयंती पर AAP ने निकाला शांति एवं एकता मार्च, सत्य-अहिंसा और भाईचारे का दिया संदेश

देहरादून : गांधी जयंती के अवसर पर आम आदमी पार्टी कैंट विधानसभा के कार्यकर्ताओं ने शांति एवं एकता मार्च निकाला। मार्च एफआरआई गेट से शुरू होकर बसंत विहार, इंदिरा नगर होते हुए आईटीबीपी तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सत्य, अहिंसा, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।

मार्च में कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा और गांधीजी के संदेशों से संबंधित तख्तियां लेकर शामिल हुए। इस दौरान “सत्य और अहिंसा अमर रहें”, “महात्मा गांधी अमर रहें” और “हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई, आपस में हैं भाई-भाई” जैसे नारे लगाए गए।

आप महानगर अध्यक्ष संजय क्षेत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए स्वतंत्रता आंदोलन में देश को एकजुट किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी गांधीजी के विचार प्रासंगिक हैं और आपसी सद्भाव, शांति, समानता एवं भाईचारे को मजबूत करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।

प्रदेश कोषाध्यक्ष शरद जैन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए समाज में आपसी विश्वास, सम्मान और संवाद जरूरी है। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों तथा अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सम्मान पहुंचाने पर जोर दिया।

AAP कार्यकर्ताओं ने गांधी जयंती पर समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने तथा सत्य और अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव श्याम बाबू पाण्डेय, विपिन खन्ना, सुधा पटवाल, संजय क्षेत्री, सीपी सिंह, चंद्रशेखर भट्ट, शैलेश तिवारी, कमल राणा, अशफाक, श्याम लाल नाथ, डीएस कौटिल्य, अक्षय शर्मा, सीमा कश्यप, प्रकाश शर्मा सहित विभिन्न विधानसभाओं के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

संवाददाता : प्रवचन सिंह 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.