महिला सम्मान के मुद्दे पर भाजपा-कांग्रेस के खिलाफ AAP का प्रदर्शन, उमा गौड़ सिसोदिया समेत कार्यकर्ता गिरफ्तार
देहरादून-उत्तराखंड में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्षा उमा गौड़ सिसोदिया के नेतृत्व में आप कार्यकर्ताओं ने दोनों दलों के पुतले दहन करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस ने पुतले छीन लिए और उमा गौड़ सिसोदिया सहित कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया।
इस दौरान उमा गौड़ सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड राज्य मातृशक्ति के संघर्ष, त्याग और शहादत से बना है, लेकिन आज महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और न्याय के सवाल पर भाजपा और कांग्रेस दोनों मौन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल महिला सम्मान की बातें तो करते हैं, लेकिन न्याय दिलाने के समय एक-दूसरे पर आरोप लगाकर अपनी जिम्मेदारी से बचते हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ अन्याय के मामलों को राजनीतिक फायदे और नुकसान के नजरिए से देखा जा रहा है। बेटियों को न्याय दिलाना किसी राजनीतिक दल की कृपा नहीं, बल्कि सरकार और व्यवस्था की संवैधानिक जिम्मेदारी है। आम आदमी पार्टी महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की लड़ाई सड़क से लेकर हर लोकतांत्रिक मंच तक जारी रखेगी।
पुलिस कार्रवाई पर आप नेताओं ने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं को न्याय दिलाने की मांग को लेकर उसका संघर्ष जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए कार्यकर्ताओं में छात्र इकाई अध्यक्ष अक्षय शर्मा और युवा मोर्चा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे
संवाददाता प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.