सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा का हमला, महेंद्र भट्ट बोले- कांग्रेस का काला अध्याय फिर उजागर

देहरादून : सोनिया गांधी की किताब में किए गए खुलासों को लेकर उत्तराखंड भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का मुस्लिम तुष्टिकरण और सनातन विरोधी रवैया किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने कहा कि आतंकियों के एनकाउंटर और बाबरी मस्जिद के ढांचे के ध्वस्त होने पर कांग्रेस नेताओं के आंसू निकलते हैं, लेकिन राष्ट्रभक्तों और रामभक्तों की शहादत पर उनकी संवेदनाएं नजर नहीं आतीं।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि सोनिया गांधी की किताब गांधी परिवार और कांग्रेस पर लगे पुराने आरोपों से बचने की असफल कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब में 1984 के सिख दंगों के दौरान सेना की तैनाती में देरी का दोष तत्कालीन सेनाध्यक्ष जनरल वैद्य पर डालकर सेना का अपमान किया गया है।

भट्ट ने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी का यह बयान आज भी लोगों को याद है कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। उन्होंने सवाल उठाया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में सेना प्रमुख को लेकर जो बातें कही हैं, उनका आधार क्या है?

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शाहबानो प्रकरण, 1984 के सिख नरसंहार, रामभक्तों पर गोलीबारी और बटाला हाउस एनकाउंटर का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता सेना, राष्ट्रभक्तों और सनातन के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी और कांग्रेस को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

यह बयान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान की ओर से जारी व्हाटसअप ग्रुप में प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर है।

संवाददाता : प्रवचन सिंह 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.