रायपुर में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की नौबत, पुलिस ने 8 युवकों को किया गिरफ्तार
देहरादून : राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग मचाने और आपस में झगड़ा करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ युवकों को गिरफ्तार कर कानून का सबक सिखाया।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की शाम रायपुर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के लोग सार्वजनिक स्थान पर एक-दूसरे के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष मारपीट पर उतारू हो गए।
सूचना मिलने पर थाना रायपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवक शांत होने के बजाय और उग्र हो गए। स्थिति बिगड़ने और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ युवकों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवकों में शामिल हैं:
अजय कुमार (23 वर्ष), निवासी डांडा लखौंड।
आयुष (25 वर्ष), निवासी डांडा लखौंड।
गौरव कुमार (26 वर्ष), निवासी डांडा लखौंड।
अरचित (23 वर्ष), निवासी डांडा लखौंड।
आकाश मराठा (22 वर्ष), निवासी नागल हटनाला।
शुभम रावत (22 वर्ष), निवासी अपर चिड़ोवाली।
वकुल मखीजा (23 वर्ष), निवासी सरस्वती विहार, रायपुर रोड।
ओम जुयाल (21 वर्ष), निवासी चिड़ोवाली कंडोली।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, शांति भंग और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता : प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.