अंकिता भंडारी प्रकरण : लैंसडौन विधायक के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, सूर्यकांत धस्माना बोले- पीड़ित परिवार को राहत राशि देना अपराध की माफी नहीं
देहरादून : अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर लैंसडौन विधायक दिलीप रावत के बयान पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरा है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने विधायक के बयान को घाव पर नमक छिड़कने वाला बताते हुए इसे भाजपा की महिला विरोधी मानसिकता का परिचायक करार दिया।
धस्माना ने भाजपा से सवाल किया कि क्या अंकिता भंडारी के परिवार को दी गई मुआवजा राशि इस शर्त पर दी गई थी कि वे मामले में कथित वीआईपी के खुलासे की मांग नहीं करेंगे? उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को दी गई कोई भी राहत राशि अपराध की माफी नहीं हो सकती।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दी गई मुआवजा राशि भाजपा के खाते से नहीं, बल्कि जनता के खून-पसीने की कमाई से सरकारी खजाने से दी गई है। इसके बावजूद भाजपा बार-बार किसी न किसी बहाने अंकिता भंडारी प्रकरण के कथित वीआईपी और असली अपराधियों को बचाने का प्रयास कर रही है।
धस्माना ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में न्याय की लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर अंकिता भंडारी को न्याय दिलाया जाएगा और मामले के असली दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.