अंकिता के परिवार को नसीहत देने वाली भाजपा पहले बताए, न्याय दिलाने में क्यों हो रही देरी: लालचंद शर्मा
देहरादून : अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा विधायक महंत दिलीप रावत के बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने विधायक के बयान को पीड़ित परिवार के प्रति असंवेदनशीलता करार देते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
लालचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा नेताओं की बयानबाजी अब अंकिता के पीड़ित परिवार के स्वाभिमान पर सवाल उठाने तक पहुंच गई है। जिस परिवार ने अपनी बेटी खोई है, उसे न्याय दिलाने के बजाय भाजपा नेता सरकारी सहायता लौटाने की नसीहत दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा के लिए अंकिता भंडारी प्रकरण केवल राजनीतिक बयानबाजी का विषय बनकर रह गया है?
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दी गई आर्थिक सहायता कोई एहसान नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार को राहत पहुंचाने की जिम्मेदारी है। अनुदान लेने से न्याय की मांग कमजोर नहीं होती और न ही परिवार के स्वाभिमान पर कोई सवाल खड़ा होता है। भाजपा विधायक को परिवार को उपदेश देने के बजाय अपनी सरकार से पूछना चाहिए कि अंकिता को पूर्ण न्याय दिलाने के लिए अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं।
शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर अंकिता के परिवार को न्याय की मांग के बीच इस तरह के बयानों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या अब पीड़ित परिवार को न्याय मांगने से पहले अपने स्वाभिमान का प्रमाण भी देना होगा?
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को अनुदान की चिंता छोड़कर न्याय की जवाबदेही तय करनी चाहिए। अंकिता भंडारी के परिवार को सम्मान, सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए, न कि राजनीतिक बयानबाजी और नसीहतें।
कांग्रेस की मांग है कि भाजपा सरकार अंकिता भंडारी प्रकरण से जुड़े सभी लंबित सवालों का पारदर्शिता के साथ जवाब दे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपनी जिम्मेदारी निभाए।
रिपोर्टर : प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.