मसूरी विधानसभा में विकास कार्यों को गति देने के निर्देश, मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

देहरादून : कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में लोक निर्माण विभाग और मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के अधिकारियों के साथ बैठक कर मसूरी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में विजय कॉलोनी, पुरुकुल, मोटीधार-मरसाना, बर्लोगंज-चमासारी, किमाड़ी मोटर मार्ग, क्यारा-धनोल्टी, बिष्ट गांव, घट्टीखोला, सालावाला और मंदाकिनी पुल सहित विभिन्न क्षेत्रों के विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।

मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आंतरिक मार्गों, सड़कों की मरम्मत, सीसी मार्गों, पुल निर्माण और बरसात में क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही वन स्वीकृति, री-टेंडरिंग और शासन स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा।

गणेश जोशी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने एमडीडीए के अधिकारियों को क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, सोलर लाइट लगाने तथा सौंदर्यीकरण और सुधारीकरण के कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान, पार्षद भूपेंद्र कठेत, सुरेंद्र राणा, धीरज ठाकुर, किरन, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार, एमडीडीए के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

संवाददाता : प्रवचन सिंह 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.