658 किलोमीटर की MTB रेस से कुमाऊं-गढ़वाल को जोड़ने का संदेश, मसूरी में प्रतियोगिता का समापन
मसूरी : उत्तराखंड को साहसिक खेलों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन MTB चैलेंज 2026 का मसूरी में समापन हो गया। नगर पालिका मसूरी के टाउन हॉल में आयोजित समापन समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विजेताओं को ट्रॉफी व पदक देकर सम्मानित किया।
गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है। इस तरह के आयोजन राज्य में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 658 किलोमीटर की इस साइकिल रेस ने कुमाऊं से गढ़वाल तक प्रदेश की एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव का संदेश दिया है।
राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में 18 राज्यों के 66 साइकिलिस्टों ने प्रतिभाग किया। इसमें भारतीय थल सेना, वायु सेना और ITBP के प्रतिभागी भी शामिल रहे।
20 नवंबर को मुक्तेश्वर से शुरू हुई रेस में साइकिलिस्टों ने पिथौरागढ़, बागेश्वर, तिलवाड़ा, टिहरी और चिन्यालीसौड़ होते हुए छह चरणों में 658 किलोमीटर की दूरी तय कर मसूरी में समापन किया। प्रतियोगिता ने कुमाऊं और गढ़वाल के 10 जनपदों को जोड़ते हुए पर्यटन और प्रदेश की एकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार उत्तराखंड को सालभर साहसिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल, पर्यटन विकास परिषद के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिनव शाह समेत कई लोग मौजूद रहे।
संवाददाता : प्रवचन सिंह

No Previous Comments found.