दिल्ली मालवीय नगर अग्निकांड में 21 मृतकों के परिजनों को मिलेगा 10 लाख मुआवजा

दिल्ली के मालवीय नगर इलाके में हुए अग्निकांड के बाद 26 घंटे से ज्यादा समय बीतने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता साकेत स्थित मैक्स अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने हादसे में घायल लोगों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों के इलाज की स्थिति की समीक्षा की और डॉक्टरों तथा अधिकारियों को हर जरूरी सुविधा तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सरकार ने इस घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के लिए 10-10 लाख रुपये और घायलों के लिए 5-5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। इसके अलावा सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार और अस्पताल प्रशासन के समन्वय से उठाया जाएगा, ताकि उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। मृतकों के शव उनके पैतृक स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जा रही है।

इस हादसे में कुल 21 लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जिस इमारत में आग लगी, वहां नियमों से अधिक कमरे बनाए गए थे। होटल के पास केवल कुछ कमरों की अनुमति थी, लेकिन वहां लगभग 25 कमरे संचालित हो रहे थे।

पुलिस ने होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि संचालन की जिम्मेदारी जय मिश्रा को दी गई थी, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, और पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.