दिल्ली में बड़ा विमान हादसा टला: चिंगारी दिखते ही 150 यात्रियों वाली SpiceJet फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग
दिल्ली से लेह जा रही SpiceJet की एक उड़ान को इंजन में आई तकनीकी समस्या के चलते बीच रास्ते से ही वापस राष्ट्रीय राजधानी लाना पड़ा। समाचार एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि मंगलवार सुबह स्पाइसजेट की फ्लाइट SG121 में सवार करीब 150 यात्रियों के साथ विमान की दिल्ली में सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई गई।

यह विमान Boeing का 737 मॉडल था। उड़ान के दौरान इंजन से चिंगारी दिखाई देने के बाद एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया गया। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि तकनीकी गड़बड़ी सामने आने पर पायलटों ने विमान को दिल्ली लौटाने का निर्णय लिया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लैंडिंग से पहले कॉकपिट में आग लगने से जुड़ी कोई चेतावनी नहीं मिली थी।

विमानों की आवाजाही पर नजर रखने वाली वेबसाइट FlightRadar24 के अनुसार, यह फ्लाइट सुबह 5:55 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन 6:21 बजे उड़ान भर सकी। फिलहाल आपात लैंडिंग के कारणों की जांच की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक विमान को दिल्ली में पूरी तरह सुरक्षित उतारा गया और सभी यात्री व क्रू मेंबर सुरक्षित हैं।


No Previous Comments found.