दिल्ली-NCR में बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश, ISI के दो गुर्गे गिरफ्तार
दिल्ली और आसपास के NCR क्षेत्र में एक बड़ी आतंकी साजिश को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने समय रहते विफल कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए दो ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जिन पर पाकिस्तान में बैठे एक गैंगस्टर और ISI से जुड़े नेटवर्क के इशारे पर काम करने का आरोप है।
जानकारी के मुताबिक, खुफिया इनपुट मिलने के बाद यह खुलासा हुआ कि पाकिस्तान में मौजूद गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगी भारत में अपने संपर्कों के जरिए दिल्ली-एनसीआर में ग्रेनेड हमला और टारगेट किलिंग जैसी गंभीर वारदातों की योजना बना रहे थे। इसी इनपुट के आधार पर स्पेशल सेल ने जांच शुरू की और ऑपरेशन चलाकर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ग्वालियर (मध्य प्रदेश) निवासी राजवीर (21) और विवेक बंजारा (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों को एक सुनियोजित अभियान के तहत पकड़ा गया। तलाशी के दौरान राजवीर के पास से एक पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा, दोनों के मोबाइल फोन से संदिग्ध वीडियो और ऑडियो संदेश भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि राजवीर अपने कथित हैंडलर के निर्देश पर दिल्ली-NCR के एक बड़े होटल को निशाना बनाने की तैयारी में था। फिलहाल पुलिस दोनों से लगातार पूछताछ कर रही है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी अभियान तेज कर दिया गया है।


No Previous Comments found.