दिल्ली में बड़ी साजिश बेनकाब, ISI से जुड़े चार संदिग्ध गिरफ्तार; एनसीआर भी था निशाने पर
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक संयुक्त अभियान के दौरान कथित तौर पर पाकिस्तान समर्थित आतंकी और अवैध हथियार नेटवर्क का पर्दाफाश करने का दावा किया है। कार्रवाई में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हिंसक घटनाओं की योजना बनाने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन पंजाब के रहने वाले हैं, जबकि एक दिल्ली का निवासी है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी विदेश में बैठे कथित हैंडलरों के संपर्क में थे और अपनी पहचान छिपाने के लिए विदेशी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि इन नंबरों के माध्यम से उन्हें निर्देश और अन्य जानकारी दी जाती थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, नौ जिंदा कारतूस और कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि एक आरोपी को दिल्ली के संवेदनशील इलाकों, पुलिस प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करने का जिम्मा दिया गया था। उस पर राजधानी में फायरिंग जैसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी का भी आरोप है।
स्पेशल सेल को खुफिया इनपुट मिला था कि दिल्ली-एनसीआर में किसी बड़ी वारदात की साजिश रची जा रही है। इसके बाद तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली और पंजाब में कई स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, सबसे पहले अमृतसर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से हथियार, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में उसने कथित तौर पर खुलासा किया कि सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और नशीले पदार्थ मंगवाए जाते थे। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क, उसके संपर्कों और संभावित सहयोगियों की गहन जांच कर रही है।
No Previous Comments found.