15 अगस्त को दिल्ली में ट्रैफिक पर बड़ा बदलाव, सुबह 4 से 10 बजे तक कई रास्ते बंद

राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। 15 अगस्त को लाल किले पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर शनिवार सुबह 4 बजे से सुबह 10 बजे तक कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध, रूट डायवर्जन और वाहनों की आवाजाही से जुड़े नियम लागू रहेंगे।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से प्रतिबंधित सड़कों से बचने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है। साथ ही लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने वीएमएस, ट्रैफिक सिग्नल और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है।

लाल किले और उसके आसपास कई मार्ग सुबह 4 बजे से 10 बजे तक सामान्य यातायात के लिए बंद रहेंगे। इन मार्गों पर केवल वैध लेबल वाले वाहनों को अनुमति दी जाएगी। इनमें नेताजी सुभाष मार्ग, दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक, लोथियन रोड, जीपीओ-दिल्ली से छत्ता रेल चौक, एसपी मुखर्जी मार्ग से एचसी सेन मार्ग होते हुए यमुना बाजार चौक, चांदनी चौक रोड से फाउंटेन चौक और लाल किला, निशाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और लिंक रोड समेत कई रास्ते शामिल हैं।

इसके अलावा रिंग रोड पर राजघाट से आईएसबीटी और कश्मीरी गेट के आसपास भी यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सी-हेक्सागोन, इंडिया गेट, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, जेएल नेहरू मार्ग और निजामुद्दीन खट्टा से आईएसबीटी के बीच रिंग रोड जैसे मार्गों से बचने की सलाह दी है।

स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पूरी राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है। प्रमुख स्थानों पर गश्त और वाहन जांच के साथ ड्रोन से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए मॉक ड्रिल भी आयोजित की जा रही हैं।

दिल्ली की सीमाओं, भीड़भाड़ वाले बाजारों, मॉल, होटल, सार्वजनिक स्थानों और अन्य संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस के दौरान सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और यात्रा के दौरान पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.