दिल्ली विधानसभा में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, कार सवार तीन आरोपी गिरफ्तार
सोमवार को दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई, जब उत्तर प्रदेश नंबर की एक सफेद कार ने गेट पर लगे बैरियर को तोड़ते हुए सीधे परिसर में प्रवेश कर लिया। इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है और पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे यह कार विधानसभा के गेट नंबर-2, जो कि वीआईपी एंट्री के लिए इस्तेमाल होता है, से अंदर घुसी। हैरानी की बात यह रही कि वाहन को रोकने में तैनात सुरक्षा कर्मी नाकाम रहे। कार के अंदर मौजूद एक नकाबपोश व्यक्ति बाहर निकला, उसने परिसर में एक गुलदस्ता रखा और फिर तुरंत वापस चला गया।

बताया जा रहा है कि वह शख्स विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर गया था और पोर्च के पास फूल रखकर लौट गया। इस पूरी घटना के दौरान वहां सीआरपीएफ के जवान भी तैनात थे, बावजूद इसके गाड़ी को रोक नहीं पाया गया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार चालक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के पूरनपुर निवासी के रूप में हुई है और उससे पूछताछ जारी है। राहत की बात यह है कि मौके से कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।

फिर भी, इस घटना को गंभीर सुरक्षा उल्लंघन माना जा रहा है, खासकर इसलिए क्योंकि हाल ही में विधानसभा को बम धमकी से जुड़े संदेश भी मिले थे। ऐसे में यह मामला सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को उजागर करता है।जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना वीआईपी गेट यानी गेट नंबर-2 पर हुई, जहां से आमतौर पर विशेष अतिथियों और उच्च पदस्थ अधिकारियों का आना-जाना होता है।



No Previous Comments found.