दिल्ली में कुत्ते को टहलाने की निकली वैकेंसी, 18 हजार रुपये तक मिलेगी सैलरी
AKANSHA UPADHYAY
सोशल मीडिया की दुनिया भी बड़ी अतरंगी है। यहां कब क्या देखने को मिल जाए, इसके बारे में कोई कुछ नहीं कह सकता। कभी कोई जुगाड़ लोगों को हैरान कर देता है, तो कभी कोई अनोखी नौकरी इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन जाती है। सोशल मीडिया पर हर दिन हजारों वीडियो पोस्ट किए जाते हैं, लेकिन इनमें से कुछ ही लोगों का ध्यान खींच पाते हैं। इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुत्ते को टहलाने की नौकरी के लिए वैकेंसी दिखाई गई है। इस जॉब की सैलरी जानने के बाद लोग भी मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में क्या नजर आया?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक शख्स मजाकिया अंदाज में कहता है कि लोग कहते हैं कि नौकरी नहीं मिल रही है, लेकिन जरा यह वैकेंसी देखिए। इसके बाद वह स्क्रीन पर एक नौकरी का विज्ञापन दिखाता है। जब वह स्क्रीन को जूम करता है, तो पता चलता है कि यह नौकरी किसी कंपनी में नहीं, बल्कि कुत्ते को टहलाने के लिए है।विज्ञापन में नौकरी से जुड़ी कई शर्तें भी बताई गई हैं। इसके मुताबिक, इस काम के लिए ऐसे व्यक्ति की जरूरत है, जिसे कुत्तों से प्यार हो और जो समय का पाबंद हो। इसके अलावा उम्मीदवार के पास बाइक या स्कूटी और स्मार्टफोन होना भी जरूरी बताया गया है। अच्छी बात यह है कि इस काम के लिए ट्रेनिंग देने की बात भी विज्ञापन में लिखी हुई है।
सुबह-शाम करनी होगी ड्यूटी
इस वायरल वीडियो में दिखाई गई वैकेंसी की सबसे दिलचस्प बात इसकी सैलरी है। विज्ञापन के मुताबिक, नौकरी करने वाले व्यक्ति को सुबह 6 बजे से 9 बजे तक और शाम 6 बजे से 8 बजे तक काम करना होगा। यानी दिन में दो शिफ्ट में ड्यूटी करनी होगी।
18 हजार रुपये तक मिलेगी सैलरी
वहीं, इस काम के लिए हर महीने 11 हजार से 18 हजार रुपये तक सैलरी मिलने की बात कही गई है। यह वैकेंसी दिल्ली की बताई जा रही है। हालांकि, यह विज्ञापन कब जारी किया गया था और फिलहाल यह नौकरी उपलब्ध है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इसे देखकर नौकरी के लिए आवेदन करने से पहले संबंधित विज्ञापन की सत्यता और मौजूदा स्थिति की जांच करना जरूरी है।
वीडियो देखकर लोगों ने किए मजेदार कमेंट्स
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर barbadbaalak नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो के कैप्शन में मजाकिया अंदाज में लिखा गया है, "मैं तो जा रहा हूं भाई।" वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं।एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि भाई, इस साइट का नाम बता दे। वहीं, दूसरे यूजर ने सैलरी पर हैरानी जताते हुए कहा कि 18 हजार रुपये तो कई प्राइवेट इंजीनियरों को भी नहीं मिलते। एक अन्य यूजर ने मजाक में लिखा कि भाई, मैं इस नौकरी के लिए क्वालिफाइड नहीं हूं। इसके अलावा कई यूजर्स ने हंसने वाले इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी।

No Previous Comments found.