उत्तर भारत में कोहरे का कहर एमपी-यूपी, बिहार सहित 7 राज्यों में हालात गंभीर, कई शहरों में विजिबिलिटी शून्य
उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में सर्द मौसम लोगों को परेशान कर रहा है। हालिया बर्फबारी के बाद उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के सभी जिलों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।

मैदानी इलाकों में उत्तर दिशा से चल रही ठंडी हवाओं ने एक बार फिर कंपकंपा देने वाली सर्दी बढ़ा दी है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब-चंडीगढ़, हरियाणा और दिल्ली में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। सुबह 6:30 बजे आदमपुर, अंबाला, कानपुर, बरेली, प्रयागराज और ग्वालियर में दृश्यता शून्य दर्ज की गई।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली के लिए बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। साथ ही हरियाणा और चंडीगढ़ में भी इसी तरह के मौसम की संभावना जताई गई है।
आने वाले सात दिनों के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र तीन पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव में रहेगा। इसके चलते पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि तथा ठंडी हवाएं चलने के आसार हैं।

पश्चिमी विक्षोभ भूमध्यसागर से उठने वाला पश्चिमी हवाओं का एक मौसमी सिस्टम होता है, जो सर्दियों के मौसम में उत्तर भारत में बारिश और पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात का कारण बनता है।


No Previous Comments found.