ग्रामीण आजीविका मिशन की योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा

देवरिया : उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की विस्तृत समीक्षा जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, देवरिया द्वारा की गई। बैठक में उपायुक्त स्वतः रोजगार, देवरिया के अलावा समस्त खंड विकास अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। बैठक में स्वयं सहायता समूह गठन, परिवार संतृप्तीकरण, रिवॉल्विंग फंड, सामुदायिक निवेश निधि, लखपति दीदी एवं टीएचआर की विस्तार से समीक्षा की गई। परिवार संतृप्तीकरण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी द्वारा उपायुक्त स्वतः रोजगार को निर्देशित किया गया कि जनपद के औसत से खराब प्रगति वाले विकास खंड बरहज, भलुअनी, गौरीबाजार, सलेमपुर, रुद्रपुर, पथरदेवा, लार, देसही देवरिया, बैतालपुर एवं रामपुर कारखाना के खंड विकास अधिकारियों का स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए। साथ ही इन विकास खंडों के ब्लॉक मिशन प्रबंधक एवं सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी द्वारा रिवॉल्विंग फंड में औसत से कम प्रगति वाले विकास खंड देसही देवरिया, बरहज, भागलपुर, रामपुर कारखाना, भाटपाररानी, देवरिया सदर, बनकटा, गौरीबाजार एवं तरकुलवा के खंड विकास अधिकारियों का स्पष्टीकरण तलब किया गया। उपायुक्त स्वतः रोजगार, देवरिया को सीएम डैशबोर्ड के बिंदु रिवॉल्विंग फंड एवं सामुदायिक निवेश निधि में अक्टूबर 2026 तक आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। प्रगति न करने वाले विकास खंडों के संबंधित ब्लॉक मिशन प्रबंधकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी द्वारा लखपति दीदी योजना में रिटेंशन की खराब प्रगति पर समस्त खंड विकास अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25 का रिटेंशन कराते हुए सभी दीदियों को लखपति बनाने हेतु निर्देशित किया गया। आजीविका रजिस्टर के अंकन एवं सत्यापन के लिए जनपद के 1,11,500 के लक्ष्य के सापेक्ष दो सप्ताह के भीतर अंकन एवं सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी द्वारा उपायुक्त स्वतः रोजगार, देवरिया को 15 दिन के उपरांत स्वयं सहायता समूह गठन, परिवार संतृप्तीकरण, रिवॉल्विंग फंड, सामुदायिक निवेश निधि, लखपति दीदी एवं टीएचआर की पुनः समीक्षा बैठक आयोजित कराने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, समस्त खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी गण आदि उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : दुर्गेश जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.