दो दिनों से जारी लगातार बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है।

​देवरिया : जिले में पिछले दो दिनों से जारी लगातार बारिश और तेज हवाओं ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसे भारी या मूसलाधार बरसात तो नहीं कहा जा सकता, लेकिन अनवरत हो रही इस बारिश ने शहर से लेकर गांव तक हर व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है। हवा के झोंकों के साथ गिर रहे पेड़ों और बिजली के खंभों के कारण जिले के कई हिस्सों में आवागमन और विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है।

बिजली आपूर्ति ठप, अंधेरे में डूबा शहर और ग्रामीण अंचल

​लगातार बारिश और तेज हवाओं के चलते जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप पड़ी है। देवरिया शहर में भी स्थिति यह है कि बिजली की आपूर्ति अभी तक पूरी तरह से सुचारू रूप से कायम नहीं हो सकी है। कई मोहल्लों में घंटों से बिजली गुल होने के कारण लोगों को पानी की किल्लत और अन्य बुनियादी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बिजली विभाग की टीमें फॉल्ट ठीक करने में जुटी हैं, लेकिन लगातार गिरते पानी के कारण राहत कार्यों में अड़चन आ रही है।
​टूटे पेड़ और बाधित रास्ते ​तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पुराने पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए हैं, जिससे यातायात बाधित हो गया है। सड़कों पर जलभराव और कुछ जगहों पर सड़कों के क्षतिग्रस्त होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कीचड़ और पानी भरने से देवरिया के कई मुख्य मार्गों और संपर्क मार्गों पर आवागमन धीमा पड़ गया है।

​किसानों की मेहनत पर फिरा पानी, धान की फसल को क्षति

​इस लंबी खींचतान वाली बारिश से सबसे बड़ा आघात जिले के अन्नदाता किसानों को लगा है। खेतों में लहलहा रही और पकने की कगार पर पहुंची धान की फसल लगातार पानी और तेज हवाओं के दबाव के कारण खेतों में गिर (बिछ) गई है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम जल्द नहीं सुधरा और धूप नहीं खिली, तो पानी में डूबे रहने के कारण धान की फसल का भारी नुकसान पहुच सकता है  ।

रिपोर्टर :- दुर्गेश जायसवाल

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.