घायलों के बीच पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का मानवीय चेहरा आया सामने
लखनऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर हुए भीषण बस हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक का मानवीय चेहरा सामने आया। हादसे में घायल यात्रियों का हाल जानने के लिए वह केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर और लोकबंधु अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने न केवल घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली, बल्कि उनके बीच पहुंचकर बेहद आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ बातचीत भी की।
अस्पताल में भर्ती घायलों के पास पहुंचकर डिप्टी सीएम ने उनका हालचाल पूछा और यह जानने की कोशिश की कि उन्हें समय पर उपचार मिल रहा है या नहीं। इस दौरान उन्होंने घायलों से बड़े अपनत्व के साथ पूछा कि "आप लोगों की घरवालों से बात हो पाई या नहीं?" उनका यह सवाल केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि हादसे का शिकार हुए अनजान लोगों के प्रति चिंता और संवेदना को दर्शाता नजर आया। अचानक हुए हादसे से परेशान यात्रियों को उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और उनके इलाज में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।
बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों को सख्त निर्देश
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। गंभीर रूप से घायल मरीजों के उपचार में विशेष सतर्कता बरती जाए और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगाई जाए। उन्होंने कहा कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हादसे ने झकझोरा, संवेदनशीलता ने जीता दिल
गौरतलब है कि सोमवार सुबह पारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट के पास राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही यात्रियों से भरी निजी बस का अगला दाहिना पहिया अचानक फट गया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 15 फीट नीचे जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 45 यात्री घायल हुए। घायलों को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर और लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल से लेकर अस्पताल तक राहत और उपचार की व्यवस्थाएं जारी रहीं। ऐसे मुश्किल समय में डिप्टी सीएम का अस्पताल पहुंचकर घायलों के बीच बैठना, उनका हाल पूछना और परिवार से संपर्क की चिंता करना उनके संवेदनशील व्यवहार को सामने लाया। उनका यह मानवीय अंदाज हादसे से जूझ रहे पीड़ितों के लिए भरोसे और संबल का संदेश देता नजर आया।

No Previous Comments found.