33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र, भटवलिया का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

देवरिया : जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आज 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र, भटवलिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपकेंद्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, विभिन्न उपकरणों की स्थिति तथा संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से उपकेंद्र से जुड़े विद्युत फीडरों, विद्युत आपूर्ति की स्थिति तथा उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही विद्युत सेवा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि उपकेंद्र एवं उससे संबंधित सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह क्रियाशील रखी जाएं तथा विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार की अनावश्यक बाधा उत्पन्न न होने पाए।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध, नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। विद्युत आपूर्ति में आने वाली तकनीकी समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को उपकेंद्र के उपकरणों एवं अन्य आवश्यक संसाधनों का नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की आकस्मिक समस्या से विद्युत आपूर्ति प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि फाल्ट एवं शिकायतों के निस्तारण में तत्परता बरती जाए और उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने विद्युत व्यवस्था की सतत निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : दुर्गेश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.