राज्यस्तरीय मॉक एक्सरसाइज में परखी गई आपदा प्रबंधन की तैयारियां

देवारिया - शासन के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद की सभी तहसीलों में भूकंप, औद्योगिक (रासायनिक) दुर्घटना एवं अग्नि सुरक्षा से संबंधित मॉक एक्सरसाइज (ड्रिल) का सफल आयोजन किया गया। अभ्यास के दौरान आपदा की स्थिति में प्रशासन की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों की दक्षता तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की स्थिति को परखा गया। साथ ही, नागरिकों को आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया। मॉक एक्सरसाइज में राजस्व, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सहित अन्य संबंधित विभागों ने सक्रिय सहभागिता की। अभ्यास के दौरान आपदा की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा आग पर नियंत्रण पाने की प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया।
       

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) पंकज प्रकाश राठौड़ ने सभी संबंधित विभागों को आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पूर्व से तैयार रहने तथा आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए तहसील सदर में भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल), बैतालपुर डिपो में तहसीलदार  अलका सिंह के नेतृत्व में मॉक ड्रिल आयोजित की गई। तहसील बरहज में बीआरडीपीजी कॉलेज में उपजिलाधिकारी प्रवीण कुमार, तहसील रुद्रपुर में सतासी इंटर कॉलेज में उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता, तहसील सलेमपुर में सेंट पॉल पब्लिक स्कूल में उपजिलाधिकारी क्षितिज द्विवेदी तथा तहसील भाटपार रानी के तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी श्री दीपराज सिंह के नेतृत्व में मॉक एक्सरसाइज संपन्न हुई।

जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (डीईओसी) में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) पंकज प्रकाश राठौड़ ने इन्सीडेंट कमांडर के रूप में अपनी भूमिका का निर्वहन किया। आपदा विशेषज्ञ पंकज कुमार ने मॉक एक्सरसाइज के दौरान सभी संबंधित विभागों एवं तहसीलों के साथ समन्वय स्थापित किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक  सुनील कुमार सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी  अरुण कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, पशुपालन विभाग, सिंचाई एवं बाढ़ खंड के संबंधित अधिकारी तथा आपदा कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - दुर्गेश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.