मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवास में 183 करोड़ रुपए से अधिक की राशि के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया

देवास - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बीता हुआ कल का दिन और आज का दिन बहुत ही अभूतपूर्व है। गत दिवस प्रदेश की लाड़ली बहनाओं को 1500 रुपए की राशि उनके खातों में अंतरित की गई है और आज प्रदेश के किसानों के खातों में भावांतर की राशि अंतरित की जा रही है। प्रधानमंत्री श्रीनरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमा पर जवान और खेत में किसान दोनों बराबर है। धरतीपुत्र किसानों से हमारी संस्कृति की अलग पहचान बनी है। किसानों की मेहनत के पैसे उनके खाते में दिए जा रहे हैं। देश में प्रदेश की पहचान किसान भाईयों की अथक मेहनत से बनी है और उनके प्रयासों से प्रदेश को सोयाबीन स्टेट की पहचान प्राप्त हुई है। किसानों को फसल का सही दाम दिलाने के लिए प्रत्येक वर्ष प्रदेश एवं केंद्र सरकार द्वारा एमएसपी बढ़ाई जा रही है। प्रदेश में आपदा प्रभावित किसानों की फसलों को उचित दाम प्रदान करने के लिए भावांतर योजना का क्रियांवयन किया गया हैं। मध्य प्रदेश देश का पहला ऐसा प्रदेश है जहां भावांतर योजना लागू की गई है और किसानों को राशि भी प्रदान की जा रही है। किसान भाइयों के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश के 9 लाख किसानों ने भावांतर योजना में पंजीयन कराया है। सरकार ने 15 दिन के अंदर मॉडल रेट तैयार करने का वादा किया था, उसी अनुसार कृषकों के खातों में राशि दी जा  रही है। किसान भाइयों से 15 जनवरी तक सोयाबीन की उपज खरीदी जाएगी। यह उदबोधन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भावांतर योजना अंतर्गत 01 लाख 33 हजार किसानों खातों में 233 करोड़ की राशि अंतरण के लिए देवास में आयोजित प्रदेश स्तरीय भावांतर योजना भुगतान कार्यक्रम में दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवास के विकास के लिए 183 करोड़ 25 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया जा रहा है। प्रदेश में नरवाई प्रबंधन और किसानों की आय बढ़ाने के लिए सीएनजी प्लांट एवं अन्य विकास कार्य किए जाएंगे। प्रदेश सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, पशु पालन और गोपालन को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। देश का 20 प्रतिशत दुग्ध उत्पादन प्रदेश में किया जाए इस कार्य योजना पर प्रदेश सरकार द्वारा निरतंर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौ पालन को बढ़ावा देने के लिए सरकार मदद कर रही है और दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 10 लाख रुपए की राशि सरकार द्वारा अनुदान में दी जाएगी। अभी 11 जिलों में कोदो कुटकी की एमएसपी पर खरीदी की जा रही है और 1000 बोनस भी दिया जा रहा है। गेहूं की फसल की एमएसपी भी प्रत्येक वर्ष सतत बढ़ाकर 2700 रुपए प्रति क्विंटल खरीदा जाएगा।

प्रदेश में 01 दिसंबर से गीता जयंती उत्सव मनाया जाएगा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में 01 दिसंबर से प्रदेशव्यापी गीता जयंती उत्‍सव मनाया जाएगा। प्रदेश सरकार द्वारा सभी नगरीय निकायों में गीता भवन बनाए जा रहे हैं। सभी जिलों के प्रत्येक ब्लॉक में वृंदावन ग्राम बनाए जाएंगे। प्रदेश सरकार को राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में उत्तम उद्योग नीतियों के लिए चार पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। लाडली बहना योजना की राशि को भी निरंतर बढ़ाई जा रही है। कृषि विकास और कृषि के आधुनिकरण के लिए कृषि उपयंत्रों और सोलर पंप किसानों को अनुदान दिया जा रहा है। सभी वर्ग के विकास के लिए प्रदेश सरकार लगातार आगे बढ़ रही है।

भावांतर योजना किसान कल्याणकारी योजना है

किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के मंत्री श्री एदल सिंह कंषाना ने कहा कि भावांतर योजना एक किसान कल्याणकारी योजना है। मध्य प्रदेश भारत का पहला प्रदेश है जहां भावांतर की राशि किसानों को दी जा रही है। भावांतर योजना का प्रदेश में सफल क्रियान्वयन विभिन्न राज्यों के लिए प्रेरणादायी बना है और विभिन्न्‍ राज्यों के प्रतिनिधिगण इस योजना के क्रियान्वयन को देखने के लिए आ रहे हैं। प्रदेश सरकार किसान हितैषी सरकार है। प्रदेश में भावांतर योजना, लाड़ली बहना सहित कई योजनाएं प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही है। इन योजनाओं का नाम देश में पहले किसी ने नहीं सुना था। प्रदेश की सरकार द्वारा यह योजनाएं बनाई गई है। प्रदेश सरकार सर्व समाज की सरकार है तथा सभी के हित के लिए प्रदेश सरकार कार्य कर रही है।

भावांतर योजना देशभर में अपनी छाप छोड़ेगी

सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि आज इतिहास रचने वाला है। किसानों को देवास से भावांतर की राशि दी जा रही है। यह योजना देश भर में अपनी छाप छोड़ेगी और प्रदेश की नवीन पहचान बनाएगी। हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि यहां से प्रदेश के किसानों को राशि दी जा रही है।

देवास के लिए आज गौरव की बात है कि आज भावांतर राशि का वितरण किया जा रहा

विधायक  गायत्री राजे पवार ने कहा कि देवास का गौरव है कि आज देवास से प्रदेश के किसानों को भावांतर योजना की राशि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी द्वारा अंतरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा लाभ किसानों देवास मंडी को मिल रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री जी का धन्यवाद। विकास की यात्रा में देवास कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। प्रदेश सरकार महिलाओं के हित में एवं महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। देवास को भी मुख्यमंत्री जी द्वारा बहुत सी सौगातें दी गई है। कई विकास कार्यों का भूमि पूजन किया गया है। देवास का विकास तेजी से हो रहा है।

183 करोड़ 25 लाख रूपये की लागत के आठ विकास कार्यों का किया भूमिपूजन मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव ने देवास में 183 करोड़ 25 लाख रूपये की लागत के 08 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उक्त विकास कार्यों में देवास में उज्जैन तिराहा से नागुखेड़ी बायपास मार्ग का निर्माण कार्य, ग्राम जनोई में देवास कायथा मार्ग से श्रीराम मंदिर मार्ग का निर्माण कार्य, ग्राम खजुरिया जागीर से तुमड़ावदा मार्ग का निर्माण कार्य, नगर निगम देवास क्षेत्र में एसएसटीडी योजना अंतर्गत 33 केवी मोनो पोल (औद्योगिक क्षेत्र में प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के लिए), पुलिस लाइन देवास में 16 जी.ओ. आवास, 160 आरक्षक आवास गृह निर्माण कार्य, देवास में असंगठित श्रमिकों के लिए रेन बसेरा, देवास में 100 बिस्‍तरीय वर्किंग वुमन हॉस्टल का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन और वंदे मातरम गायन से हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने जैविक खेती कर रहे किसानों को प्रमाण पत्र दिए। विभिन्न योजनाओं में ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र का वितरण हितग्राहियों को किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव हेलीपेड से सभास्थल तक रथ पर सवार होकर पहुंचे। इस दौरान नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में युवा संगम का आयोजन भी किया गया, जिसमें जिले के 206 युवाओं को विभिन्न कंपनियों के रोजगार मिला।

मध्यप्रदेश में ऐसे 10 कृषकों की जिन्हें सर्वाधिक राशि प्राप्त हो रही है

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के ऐसे 10 कृषक जिन्हें सर्वाधिक राशि प्राप्त हो रही है, जिनमें रतलाम जिले के किसान अमित पुरोहित, धार जिले के किसान रतन सिंह, दमोह जिले के किसान  संजय सोनी, सागर जिले के किसान  दीपक कुमार जैन, इंदौर जिले के किसान सतीश, दमोह जिले के किसान श्री जय कुमार असाती, छतरपुर जिले के किसान श्री दयाचंद्र यादव, आगर-मालवा जिले के किसान श्री असलम खान,  इंदौर जिले के किसान रेशमबाई पटेल, सागर जिले के किसान  संदीप सिंह डांगी हैं।

देवास जिला में ऐसे 10 कृषक जिन्हें सर्वाधिक राशि प्राप्त हो रही है

देवास जिला में किसान पानसिंह जाट को 01 लाख 64 हजार 487 रूपये,  छोटे खान को 01 लाख 62 हजार 254 रूपये, श्री गोपाल शर्मा को 01 लाख 48 हजार 113 रूपये,  भवानी शंकर सीरा को 01 लाख 31 हजार 623 रूपये, कमल किशोर को 01 लाख 27 हजार 882 रूपये,  विजय जाट को 01 लाख 27 हजार 205 रूपये,  सतीश पटेल को 01 लाख 26 हजार 332, नंद किशोर को 01 लाख 22 हजार 426 रूपये, श्री जयेंद्र सिंह मकवाना को 01 लाख 18 हजार 716 रूपये, श्री रघुवीर जाट को 01 लाख 18 हजार 360 रूपये राशि अंतरित की। भावांतर योजना में प्रदेश के 2 लाख 36 हजार 774 किसानों ने सोयाबीन की उपज बेची भावांतर योजना अंतर्गत गत दिवस तक प्रदेश के 2 लाख 36 हजार 774 किसानों के खाते में 4081545.033 क्विंटल सोयाबीन उपज बेची। वहीं जिले के 16 हजार 678 किसानों ने 321343.265 क्विंटल सोयाबीन की उपज बेची।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि यंत्रों एवं अन्य प्रदर्शनियों का किया अवलोकन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषि यंत्रों में रोटावेटर, ड्रोन, सुपर सीडर, ब्रोड बेड फरो प्लांटर, मल्चर, फर्टीलाइजर ब्राड कास्टर, भूसा लोडर, लेजर एंड लेवलर, स्वचलित टूलबार, स्व चलित स्प्रेयर, राउंड बेलर, चीफ कटर, सीड ग्रेडर, स्लेशर, स्टॉरीपर, रीपर कम बाइंडर, स्प्रे पंप, सीड ग्रेडर विथ कन्वेयर, डिस्क प्लाउ सहित अन्य यंत्रों का अवलोकन किया। इस साथ ही कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा लगाई गई जैविक खेती प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा किसानों से चर्चाकर उन्हें आधुनिक कृषि और कृषि यंत्रीकरण के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में कृषकगण, लाड़ली बहनों के साथ जनप्रतिनिधि सोनकच्छ विधायक डॉ. राजेश सोनकर,  बहादुर मुकाती, सहित अन्‍य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस अवसर पर कृषि विभाग के सचिव  निशांत वरवड़े, संभागायुक्त आशीष सिंह, आईजी उमेश जोगा, डीआईजी  नवनीत भसीन, कलेक्टर  ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक  पुनीत गेहलोद, सीईओ जिला पंचायत  ज्योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।


रिपोर्टर - साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.