शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों पर देवास पुलिस की त्वरित कार्रवाई।
देवास - शनिवार को म.प्र. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी सिंगावदा, जिला देवास में पदस्थ कनिष्ठ यंत्री द्वारा पुलिस थाना विजयागंज मण्डी में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वे कार्यपालन अभियंता संचा/संधा संभाग देवास के आदेशानुसार अपने दल के साथ ग्राम आगरोद में विद्युत कनेक्शनों की जाँच हेतु गए थे । कनिष्ठ यंत्री के अनुसार, दोपहर लगभग 12:30 बजे वे ग्राम आगरोद में खाजू पिता इब्राहिम पटेल के खेत स्थित सिंचाई कनेक्शन एवं उसके समीप स्थित घर के विद्युत कनेक्शन की जाँच कर रहे थे । इसी दौरान पूछताछ करने पर खाजू पटेल द्वारा शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए कनिष्ठ यंत्री के साथ अभद्र गाली-गलौज कर थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की गई, जिससे उन्हें हाथ, पीठ, गर्दन एवं पैर में चोटें आईं । बीच-बचाव करने आए आउटसोर्स कर्मचारी पर सोहेल पिता मुख्तियार ने डंडे से हमला किया,जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई । इसी दौरान शाहरूख पिता मुख्तियार एवं सद्दाम पिता खाजू पटेल भी वहां पहुँचकर शासकीय अमले के साथ गाली-गलौज और मारपीट में शामिल हो गए । घटना के प्रत्यक्षदर्शी जाकिर पटेल एवं एहतेशाम द्वारा बीच-बचाव किया गया । जाते समय आरोपियों ने शासन के कार्य में बाधा डालते हुए जान से मारने की धमकी भी दी । फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना विजयागंज मण्डी में अपराध क्रमांक 241/25 धारा 132,115(2), 296(A),351(3),3(5) BNS का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया । उक्त घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद द्वारा आरोपियो को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया । जिस पर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) हरनारायण बाथम के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) संजय शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी विजयागंज मण्डी निरीक्षक रोहित पटेल के मार्गदर्शन में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया । पुलिस टीम के द्वारा विश्वसनीय मुखबिर सूचना के आधार पर उक्त चारो आरोपियो को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया । अग्रिम वैधानिक कार्यवाही का जा रही है ।
खाजू पिता इब्राहिम पटेल उम्र 56 वर्ष निवासी ग्राम आगरोद थाना विजयागंज मण्डी । सद्दाम पिता खाजू पटेल उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम आगरोद थाना विजयागंज मण्डी। सोहेल पिता मुख्तियार पटेल उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम आगरोद थाना विजयागंज मण्डी। शाहरूख पिता मुख्तियार पटेल उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम आगरोद थाना विजयागंज मण्डी ।
रिपोर्टर - साजिद पठान

No Previous Comments found.