सुबह 4 बजे से सड़कों पर उतरा परिवहन विभाग, नियम विरुद्ध चल रही स्लीपर बसों पर कड़ा एक्शन

​देवास : जिले में यात्री सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार, जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान के नेतृत्व में शनिवार अलसुबह से ही स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई से बस संचालकों में हड़कंप मच गया।

​सुबह 4 बजे से मक्सी रोड पर घेराबंदी
​कार्यवाही की शुरुआत शनिवार अलसुबह 04 बजे मक्सी रोड से हुई। परिवहन विभाग के दल ने अंधेरे में ही स्लीपर कोच बसों को रोककर सुरक्षा मानकों की सघन जांच की। यह अभियान लगातार 5 घंटे तक चला और बाद में दिन भर रुक-रुक कर शहर के विभिन्न मार्गों पर चेकिंग जारी रही।
​जांच में ये कमियां आईं सामने
​परिवहन अधिकारी द्वारा बसों में मुख्य रूप से निम्नलिखित मानकों की जांच की गई:
​अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguishers) की उपलब्धता।
​आपातकालीन द्वार (Emergency Exit) की कार्यक्षमता।
​पैनिक बटन और स्लाईडर की स्थिति।
​पार्टीशन गेट: चालक सीट के पीछे अवैध रूप से लगाए गए पार्टीशन गेट।
​तत्काल कार्रवाई: जांच के दौरान जिन बसों में चालक सीट के पीछे पार्टीशन गेट पाए गए, उन्हें मौके पर ही विभाग की टीम ने निकलवाया।
​कार्यवाही का रिपोर्ट कार्ड
​दिन भर चली इस मैराथन चेकिंग के आंकड़े कुछ इस प्रकार रहे:
​कुल जांचे गए वाहन: 55 यात्री बसें।
​चालानी कार्यवाही: 07 वाहनों पर।
​वसूला गया जुर्माना: 58 हजार रुपये (शमन शुल्क)।
​मौके पर सुधार: 03 बसों से तत्काल पार्टीशन गेट हटाए गए।
​बस मालिकों को सख्त चेतावनी
​आरटीओ निशा चौहान ने स्पष्ट किया कि जिन बसों में कमियां पाई गई हैं, उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। बस स्वामियों को निर्धारित समय सीमा में कमियां दूर कर वाहन का भौतिक सत्यापन परिवहन कार्यालय में कराना होगा। यदि समय सीमा में सुधार नहीं हुआ, तो बसों का फिटनेस निरस्त करने जैसी कठोर कार्यवाही की जाएगी।
​टीम में ये रहे शामिल
​इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती निशा चौहान के साथ परिवहन उप-निरीक्षक मीनाक्षी गोखले, जसवंत सिंह दौहरे, सरफराज खान, निलेश साल्वे, बाबुलाल देवड़ा, शाकिर खान और भगतसिंह भलावी मुख्य रूप से शामिल थे।
​"वाहनों की चेकिंग का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। नियमों के विरुद्ध संचालित होने वाले वाहनों के खिलाफ चालानी और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।" — श्रीमती निशा चौहान, जिला परिवहन अधिकारी, देवास

रिपोर्टर : साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.