आरटीओ की बड़ी कार्रवाई; अलसुबह 4 बजे बसों की चेकिंग, 18 बसों से हटवाए अवैध पार्टीशन गेट
देवास - जिले में यात्री सुरक्षा को ताक पर रखकर सड़कों पर दौड़ रही स्लीपर बसों के खिलाफ परिवहन विभाग ने मोर्चा खोल दिया है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार, रविवार अलसुबह 4 बजे से आरटीओ की टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाली बसों पर न केवल जुर्माना लगाया गया, बल्कि मौके पर ही अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया गया।
नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले गेट और सीटें हटवाईं
जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान के निर्देशन और जांच दल प्रभारी मीनाक्षी गोखले के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में कुल 62 बसों की जांच की गई। जाँच के दौरान पाया गया कि कई बसों में चालक और यात्रियों के बीच नियम विरुद्ध 'पार्टीशन गेट' लगाए गए थे, जो आपात स्थिति में खतरनाक साबित हो सकते हैं। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 18 बसों से इन गेटों को मौके पर ही निकलवा दिया। इसके अलावा, आपातकालीन खिड़कियों और दरवाजों के सामने अवैध रूप से लगाई गई सीटों को भी हटवाया गया।
सुरक्षा मानकों पर सख्ती: 51 हजार का जुर्माना
आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए बसों में अग्निशमन यंत्रों की भी बारीकी से जांच की गई।
नियम: बसों में 5-5 किलो के दो या 10 किलो का एक अग्निशमन यंत्र होना अनिवार्य है।
कार्रवाई: जिन 12 बसों में सुरक्षा मानकों की कमी पाई गई, उनसे 51,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
चेतावनी: जिन बसों में कमियां मिलीं, उन्हें नोटिस जारी कर जल्द से जल्द सुधार करने की हिदायत दी गई है।
"जिले के सभी मार्गों पर स्लीपर बसों की जांच का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। हमारा उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।"
— निशा चौहान, जिला परिवहन अधिकारी
रिपोर्टर : साजिद पठान


No Previous Comments found.