पीपलरावाँ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ड्राई डे पर खपाने जा रहे थे 5 लाख से अधिक की अवैध शराब, बोलेरो जब्त
देवास : पीपलरावाँ पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा जिले में अपराधियों और संगठित अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत पीपलरावाँ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रविवार रात पुलिस ने घेराबंदी कर एक बोलेरो वाहन से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली थी कि रोहित राजपूत (निवासी निपानिया हुर हूर) और राहुल गुर्जर (निवासी उमरोद) एक बोलेरो गाड़ी में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर सोनकच्छ-गंधर्वपुरी के रास्ते पीपलरावाँ क्षेत्र में सप्लाई करने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी सोनकच्छ दीपा माण्डवे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुबोध गौतम ने तत्काल टीम गठित कर रवाना की।
खेतों में शराब फेंककर भागे आरोपी
पुलिस टीम ने जब मुखबिर द्वारा बताए गए वाहन का पीछा किया, तो आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से गाड़ी को ग्राम पटाड़िया से सुरजना के कच्चे रास्ते पर भगा दिया। इस दौरान उनकी बोलेरो एक मेढ़ पर फंस गई। पुलिस को करीब आता देख आरोपी शराब के क्वार्टर खेतों में फेंकने लगे और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
जब्त सामग्री का विवरण
पुलिस ने मौके से वाहन और बिखरी हुई शराब को बरामद किया है:
अवैध शराब: कुल 516 क्वार्टर (लगभग 93 बल्क लीटर देशी सफेद शराब)।
वाहन: बोलेरो क्रमांक MP13CA0704।
कुल मश्रुका: लगभग 5,42,000 रुपये (शराब की कीमत 42,000/- एवं वाहन 5 लाख रुपये)।
इन पर दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने फरार आरोपी रोहित पिता इंदर सिंह राजपूत और राहुल पिता गंगाराम गुर्जर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 27/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार गौतम, उनि विजेंद्र सिंह सोलंकी, प्रधान आरक्षक धर्मराज सिंह चौहान, आरक्षक दीपक कलमोदिया, रविन्द्र जावरीया, देवेंद्र गोस्वामी, धर्मेंद्र, अनुरुद्ध, मनोज, सैनिक धुलजी, चालक राम और विशाल की मुख्य भूमिका रही।
रिपोर्टर : साजिद पठान

No Previous Comments found.