नुक्कड़ नाटक के जरिए गूँजा 'बाल विवाह मुक्त देवास' का नारा: 100 दिवसीय अभियान के तहत छात्रों और नागरिकों को किया जागरूक
देवास : जिले को "बाल विवाह मुक्त भारत" बनाने के संकल्प के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जन-जागरूकता अभियान को गति दी जा रही है। जिला कार्यक्रम अधिकारी साबिर अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन में संचालित 'सौ दिवसीय विशेष अभियान' के तहत शहर के प्रमुख स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नागरिकों को बाल विवाह के कुप्रभावों के प्रति सचेत किया गया। कलाकारों ने दी प्रभावी प्रस्तुति भारत सरकार द्वारा गठित विशेष टीम ने चिमना बाई शासकीय विद्यालय और उत्कृष्ट विद्यालय में नाटकों का मंचन किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने न केवल बाल विवाह के कानूनी दुष्परिणामों पर प्रकाश डाला, बल्कि शासन द्वारा जारी चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की उपयोगिता के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
सामूहिक शपथ और संकल्प
कार्यक्रम के दौरान वन स्टॉप सेंटर प्रशासक गीता ठाकुर ने उपस्थित जनसमूह को बाल विवाह रोकथाम के लिए सामूहिक शपथ दिलाई। विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस कुप्रथा को मिटाने में प्रशासन का सहयोग करें।
प्रमुख उपस्थित जन: अधिकारी: मोहनलाल अहिरवार (परियोजना अधिकारी), समीक्षा जैन, सुश्री संध्या दुबे (विशेष किशोर पुलिस इकाई)। सहभागिता: बाल कल्याण समिति के सदस्य, अग्रणी महाविद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और महिला बाल विकास विभाग का अमला। संचालन: डॉ. एकता जायसवाल। अपील: यदि आपको कहीं भी बाल विवाह होने की सूचना मिलती है, तो तुरंत प्रशासन या हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचित करें। आपकी एक सजग सूचना किसी मासूम का भविष्य बचा सकती है।
रिपोर्टर : साजिद पठान

No Previous Comments found.