देवास पुलिस की बड़ी कामयाबी: 12 घंटे में 900 KM दूर हरियाणा से बरामद किया 45 लाख का चोरी गया डम्फर
देवास : पुलिस की सक्रियता और अंतर्राज्यीय समन्वय का एक बेमिसाल उदाहरण सामने आया है। बैंक नोट प्रेस थाना क्षेत्र से चोरी हुए 45 लाख रुपये की कीमत के डम्फर को देवास पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मात्र 12 घंटे के भीतर 900 किलोमीटर दूर हरियाणा के नूंह जिले से बरामद कर लिया है।
घटना का घटनाक्रम
फरियादी राजेश बघेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2-3 फरवरी की दरमियानी रात करीब 02:00 बजे जेतपुरा परिसर में खड़ा डम्फर (कीमत 45 लाख) अज्ञात बदमाशों ने चोरी कर लिया। मामला दर्ज होते ही पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने इसे गंभीरता से लिया और आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम का गठन किया।
तकनीकी साक्ष्य और 'मेवाती गैंग' का सुराग
सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस ने देखा कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार डम्फर की पायलेटिंग कर रही थी। देवास पुलिस के अनुभवी अधिकारियों ने तत्काल भांप लिया कि यह हरियाणा के नूंह (मेवात) की कुख्यात गैंग हो सकती है। चूंकि घटना को 6 घंटे बीत चुके थे, अंदेशा था कि आरोपी राज्य की सीमा पार कर चुके होंगे।
900 KM दूर बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक देवास ने तत्काल नूंह (हरियाणा) के पुलिस अधीक्षक से संपर्क साधा और राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय स्थापित किया। सटीक इनपुट के आधार पर हरियाणा के खेड़ा कालीपुर टोल प्लाजा पर नाकाबंदी करवाई गई। देवास पुलिस का अनुमान सटीक बैठा और चोरी गया डम्फर वहां से जप्त कर लिया गया।
मुख्य बिंदु:
समय: रात 02 बजे चोरी, दोपहर 02 बजे से पहले बरामदगी।
दूरी: 900 किलोमीटर दूर दूसरे राज्य में कार्रवाई।
सफलता: 45 लाख का मश्रुका सुरक्षित बरामद।
टीम की सराहना
इस त्वरित कार्रवाई में डीएसपी संजय शर्मा, सीएसपी सुमित अग्रवाल, थाना प्रभारी अमित सोलंकी (BNP) और शशिकांत चौरसिया (औद्योगिक क्षेत्र) सहित हरियाणा पुलिस के निरीक्षक विनोद कुमार व उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।
रिपोर्टर : साजिद पठान

No Previous Comments found.