सुरक्षा और सुशासन के लिए 'महा-मंथन', पहली बार 22 विभागों के साथ कलेक्टर-SP ने की संयुक्त समीक्षा
देवास : जिले की कानून व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद की विशेष उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में पहली बार 22 विभागों को एक साथ शामिल किया गया।
इस 'संयुक्त समीक्षा' में न केवल सड़क सुरक्षा, बल्कि महिला अपराध नियंत्रण, नशा मुक्ति, अवैध उत्खनन और धोखाधड़ी जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा कर कड़े निर्देश जारी किए गए।
???? सड़क सुरक्षा: बिना हेलमेट चलने वालों पर होगी सख्ती
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर चिंता जताते हुए निर्देश दिए कि:
हेलमेट अनिवार्य: हाईवे और ग्रामीण क्षेत्रों में हेलमेट और सीटबेल्ट की जांच का विशेष अभियान चलेगा।
चालान और जागरूकता: ग्रामीण क्षेत्रों में जो ₹500 का चालान नहीं भर सकते, उनका ₹200 का 'रेड क्रॉस' चालान काटकर जागरूक किया जाएगा।
ब्लैक स्पॉट: चिन्हित ब्लैक स्पॉट (जैसे राजोदा) पर हाई मास्क लाइट और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे।
पुलों का रखरखाव: एमपीआरडीसी को पुलों के संधारण और सिया घाट पर आधुनिक तकनीक से बैरियर रिपेयर करने को कहा गया।
⛽ पेट्रोल पंपों को अल्टीमेटम: 1 माह में शुरू करें PUC सेंटर
कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर PUC (प्रदूषण जांच केंद्र) स्थापित होना अनिवार्य है। जिन पंपों पर यह सुविधा नहीं है, उन्हें नोटिस जारी किया जाएगा। यदि एक माह के भीतर केंद्र शुरू नहीं हुआ, तो पेट्रोल पंप का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।
???? अपराध नियंत्रण और नशा मुक्ति
बैठक में एसपी पुनीत गेहलोद और कलेक्टर ने संयुक्त रूप से निम्न बिंदुओं पर रणनीति बनाई:
नशा मुक्ति: नशे के संदिग्ध ठिकानों और गोदामों पर राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग मिलकर छापेमारी करेंगे। सुनसान खंडहरों, जहाँ नशाखोरी होती है, उन्हें ढहाने के निर्देश दिए गए।
महिला अपराध: महिला सुरक्षा और एससी/एसटी अपराधों की रोकथाम के लिए 'जोनल प्लान' की समीक्षा की गई।
बस ड्राइवरों की जांच: यात्री बसों के ड्राइवरों के लाइसेंस, ड्रेस और नशे की हालत की नियमित चेकिंग होगी। किसी भी आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्ति को बस चलाने की अनुमति नहीं होगी।
????️ शहर का विकास और अतिक्रमण पर प्रहार
माताजी टेकरी: टेकरी क्षेत्र में केवल लाइसेंसधारी दुकानें ही रहेंगी, अवैध अतिक्रमण को अभियान चलाकर हटाया जाएगा।
रेत मंडी शिफ्टिंग: शहर में जाम की स्थिति सुधारने के लिए रेत मंडी को जॉनडियर कंपनी के पास शासकीय भूमि पर शिफ्ट किया जाएगा।
रोड निर्माण: उज्जैन तिराहे से नागुखेड़ी बायपास तक सड़क निर्माण जल्द शुरू करने और बेहतर 'ट्रैफिक डायवर्जन प्लान' बनाने के निर्देश दिए गए।
आवारा पशु: सड़कों पर विचरण करने वाली गायों को गौशालाओं में शिफ्ट किया जाएगा ताकि दुर्घटनाएं रुक सकें।
???? बैठक में रहे मौजूद
बैठक में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, संजीव जैन, एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया, एचएन बॉथम, परिवीक्षाधीन आईपीएस आलोक कुमार वर्मा सहित सभी एसडीएम और एसडीओपी उपस्थित थे।
रिपोर्टर : साजिद पठान


No Previous Comments found.