सरकारी कार्यों में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई; एडीओ निलंबित, जनपद सीईओ का वेतन कटा

​देवास : जिला कलेक्टर ऋुतुराज सिंह ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित समय-सीमा (TL) बैठक के दौरान, कृत्रिम गर्भाधान योजना में खराब प्रदर्शन पर पशुपालन विभाग के एडीओ बाल कृष्ण यादव को निलंबित करने और खातेगांव जनपद सीईओ अभिषेक कटारिया का दो दिन का वेतन काटने के निर्देश जारी किए गए।

​कृत्रिम गर्भाधान योजना में पिछड़ा खातेगांव
​कलेक्टर  ने विकासखंडवार समीक्षा के दौरान पाया कि खातेगांव क्षेत्र में कृत्रिम गर्भाधान योजना की प्रगति अत्यंत निराशाजनक है। शासन की महत्वपूर्ण योजना में रुचि न लेने और लक्ष्य प्राप्ति में विफल रहने पर उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
​एग्रीस्टैक और जल स्रोतों पर अतिक्रमण की समीक्षा
​बैठक में कलेक्टर ने कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी कड़े निर्देश दिए:
​एग्रीस्टैक: सभी एसडीएम और तहसीलदारों को एग्रीस्टैक कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया है, क्योंकि भविष्य में खाद वितरण और केसीसी (KCC) इसी आधार पर तय होंगे।
​अतिक्रमण हटाओ: जिले में जहाँ भी जल स्रोतों पर अवैध कब्जा है, उन्हें तत्काल अधिग्रहित करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
​नरवाई प्रबंधन: "जिले में कहीं भी नरवाई नहीं जलनी चाहिए।" कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि उल्लंघन होने पर संबंधितों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
​आधुनिक खेती और किसानों को प्रोत्साहन
​कृषि विभाग को निर्देशित किया गया कि किसानों को पारंपरिक खेती के बजाय केला और अन्य आधुनिक फसलों की ओर प्रेरित किया जाए। साथ ही:
​माइक्रो एटीएम: किसानों को इसके लाभ बताकर जागरूक किया जाए।
​मृदा परीक्षण: मिट्टी की जांच कर 'मृदा स्वास्थ्य कार्ड' बनाए जाएं।
​प्राकृतिक खेती: पंजीकृत किसानों को प्रमाण-पत्र देने और उनके उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष योजना बनाने के निर्देश दिए गए।
​संकल्प से समाधान अभियान
​कलेक्टर ने 'संकल्प से समाधान' अभियान की समीक्षा करते हुए बताया कि 15 फरवरी तक प्रथम चरण के तहत घर-घर जाकर आवेदन और शिकायतें एकत्र की जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन और समाधान ऑनलाइन के प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने की चेतावनी दी।
​उपस्थिति: बैठक में जिला पंचायत सीईओ ज्योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार सहित जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

रिपोर्टर : साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.