नकली चांदी के सिक्के गिरवी रख ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार
देवास : शहर की कोतवाली पुलिस ने ज्वेलर्स के साथ धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों ने असली चांदी के सिक्के बताकर नकली सिक्के गिरवी रखे और हजारों रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 153 नकली सिक्के बरामद किए हैं।
दोस्ती और भरोसे का उठाया फायदा
मामला महात्मा गांधी मार्ग स्थित 'कंचन ज्वेलर्स' का है। दुकान के संचालक अमरीश चौधरी ने पुलिस को बताया कि उनके परिचित तौसीफ खान, जो पहले एक अन्य ज्वेलरी शॉप में काम करता था, ने भरोसे का फायदा उठाया। 17 दिसंबर 2025 को तौसीफ उनकी दुकान पर आया और 50 चांदी के सिक्के गिरवी रखकर 55,000 रुपये उधार ले गया। पुराने परिचय के कारण फरियादी ने तत्काल सिक्कों की जांच नहीं की, लेकिन बाद में परखने पर वे सभी नकली निकले।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 318(4) BNS के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन और एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी तौसीफ सहित कुल 4 लोगों को दबोच लिया। इनके पास से कुल 153 नकली चांदी के सिक्के जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
तौसीफ उर्फ तनवीर (22 वर्ष) - निवासी मिर्जा बाखल, देवास।
आमेर पिता समीर खान - निवासी तराना, जिला उज्जैन।
जमशेद उर्फ अयान (22 वर्ष) - निवासी मिर्जा बाखल, देवास।
शादाब पिता सादिक खान (24 वर्ष) - निवासी तराना, जिला उज्जैन।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामचंद्र शर्मा, उनि सचिन सोनगरा, प्रआर मनोज पटेल, आरक्षक सूरज सिकरवार, अभिषेक पंवार, मनीष राजपूत, मनीष देथलिया और किशन पंवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सावधानी की अपील: पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी कीमती वस्तु को गिरवी रखने या खरीदने से पहले उसकी शुद्धता की जांच अनिवार्य रूप से करें, चाहे व्यक्ति कितना ही परिचित क्यों न हो।
रिपोर्टर : साजिद पठान

No Previous Comments found.