कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने ली जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक; यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश

देवास : कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में पुलिस अधीक्षक  पुनीत गेहलोद के साथ मिलकर यातायात प्रबंधन, महिला अपराध नियंत्रण, नशा मुक्ति और अवैध खनन जैसे गंभीर विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।

​प्रमुख निर्णय और निर्देश:

​1. राहवीर और कैशलेस योजना का व्यापक प्रचार
कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं में जान बचाने के उद्देश्य से संचालित 'राहवीर' और 'कैशलेस' स्कीम पर जोर दिया। उन्होंने आरटीओ को निर्देश दिए कि इन योजनाओं के अलग-अलग पंपलेट बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाएं ताकि आमजन जागरूक हो सकें।
​2. माताजी टेकरी: अतिक्रमण मुक्त और सुरक्षित परिसर
आगामी नवरात्रि को देखते हुए माताजी टेकरी पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए:
​केवल लाइसेंस धारी दुकानों को ही अनुमति मिलेगी; अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाए जाएंगे।
​पाथ-वे पर लाइटिंग और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य होगी।
​सख्त निर्देश: 'प्रसाद' के नाम पर कोई भी दुकानदार ग्राहकों से पार्किंग शुल्क नहीं वसूलेगा।
​3. शहर की यातायात व्यवस्था और फ्लाई ओवर पार्किंग
​विकासनगर चौराहा स्थित फ्लाई ओवर के नीचे सुचारू पार्किंग के लिए नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस को प्लान बनाने को कहा गया।
​एबी रोड से अतिक्रमण हटाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया जाएगा।
​प्रमुख मार्गों पर स्पीड लिमिट बोर्ड और तीखे मोड़ों पर कॉन्वेक्स मिरर लगाए जाएंगे।
​4. डग्गामार और ओवरलोडेड वाहनों पर शिकंजा
कलेक्टर ने आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए:
​बिना परमिट, क्षमता से अधिक सवारी और तेज गति से चलने वाली बसों पर कठोर कार्रवाई होगी।
​इंदौर-उज्जैन रूट पर बसों के समय की रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
​शहर में बसों के लिए निश्चित स्टॉपेज तय होंगे; कहीं भी बस रोकने पर पाबंदी रहेगी।
​5. प्रदूषण नियंत्रण और 15 दिवसीय विशेष अभियान
​सभी व्यावसायिक वाहनों की PUC (प्रदूषण जांच) अनिवार्य होगी।
​जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर प्रदूषण जांच केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
​आरटीओ और पुलिस विभाग 15 दिनों का विशेष चेकिंग अभियान चलाएंगे।
​6. हार्वेस्टर के साथ 'स्ट्रा रीपर' अनिवार्य
खेती और पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जिले में बिना स्ट्रा रीपर के कोई भी हार्वेस्टर नहीं चलेगा। हार्वेस्टर संचालकों से थानों में शपथ पत्र भरवाए जाएंगे। साथ ही किसानों को नरवाई न जलाने के लिए जागरूक किया जाएगा।
​उपस्थिति: बैठक में नगर निगम सभापति  रवि जैन, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, संजीव जैन, एसडीएम बागली  शिवम यादव सहित जिले के समस्त एसडीएम और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर : साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.