चैत्र नवरात्रि की तैयारियों को लेकर कलेक्टर की बैठक, श्रद्धालुओं के लिए 'फ्री पार्किंग' और सुरक्षा के कड़े निर्देश

​देवास :  जिले के प्रसिद्ध आस्था केंद्र 'माताजी टेकरी' पर आगामी 19 मार्च से शुरू होने वाले चैत्र नवरात्रि पर्व की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। सोमवार को कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में 'माँ चामुण्डा शासकीय देवस्थान प्रबंध समिति' कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद सहित सभी विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।

​श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि: पंखे, कूलर और शुद्ध पेयजल कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए छाया, पंखे और कूलर की पुख्ता व्यवस्था की जाए। परिक्रमा मार्ग और सीढ़ी मार्ग पर पेयजल के स्टाल लगाए जाएंगे और आवश्यकतानुसार कारपेट बिछाए जाएंगे। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए ई-रिक्शा और व्हीलचेयर का प्रबंध भी किया जाएगा।

​पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली करने वालों पर होगी कार्रवाई प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था स्टेशन रोड और मक्सी-देवास रोड (रोप-वे के पास) पर रहेगी। कलेक्टर ने सख्त लहजे में कहा:
​"कोई भी दुकानदार 'प्रसाद' के नाम पर ग्राहकों से पार्किंग का पैसा नहीं वसूलेगा। यदि ऐसी शिकायत मिलती है, तो संबंधित दुकानदार के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।"सभी दुकानों में लगातार मॉनिटरिंग के लिए CCTV कैमरे अनिवार्य किए गए हैं। साथ ही, टेकरी क्षेत्र में मांस और मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।सुरक्षा और स्वास्थ्य के कड़े इंतजाम ​CCTV निगरानी: कंट्रोल रूम से 24 घंटे टेकरी की मॉनिटरिंग की जाएगी।

​पुलिस बल: पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और बाहरी श्रद्धालुओं के लिए साइन बोर्ड व निरंतर अनाउंसमेंट करने के निर्देश दिए।​मेडिकल कैंप: टेकरी पर तीन स्थानों पर मेडिकल काउंटर और नीचे एक अस्थायी अस्पताल बनाया जाएगा, जहाँ डॉक्टर, एम्बुलेंस और ऑक्सीजन की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
​विद्युत व्यवस्था: झूलते तारों को ठीक करने और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए विद्युत विभाग को तैनात किया गया है।
​नगर निगम और PWD को सफाई के निर्देश ​नगर निगम को प्रतिदिन कचरा संग्रहण, डस्टबिन लगाने और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था करने को कहा गया है। वहीं, लोक निर्माण विभाग (PWD) रेलिंग की पुताई, वॉल पेंटिंग और आवश्यक स्थानों पर बेरीकेडिंग का कार्य पूरा करेगा।
​बैठक में ये रहे उपस्थित: बैठक में महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, संजीव जैन सहित वन, स्वास्थ्य, और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी सम्मिलित हुए।

रिपोर्टर : साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.