खाद्य विभाग की कार्यवाही; 4 होटलों से 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
देवास : जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरूपयोग के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार, खाद्य विभाग के दल ने शहर के विभिन्न होटलों और रेस्टोरेंट्स पर छापेमारी कर कार्यवाही की है। इस दौरान 4 प्रतिष्ठानों से कुल 8 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
जांच और जप्ती की कार्रवाई
जिला आपूर्ति अधिकारी दिनेश अहिरवार ने बताया कि विभाग की टीम ने देवास नगर के लगभग 15 प्रतिष्ठानों की सघन जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि कई व्यावसायिक स्थानों पर नियमों को ताक पर रखकर घरेलू सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा था।
जप्त सिलेंडरों का विवरण:
जोधपुर स्वीट्स (विकास नगर): 01 सिलेंडर
श्याम चाट भंडार (जवाहर चौक): 02 सिलेंडर
संतुष्टि रेस्टोरेन्ट: 03 सिलेंडर
रवि भोजनालय: 02 सिलेंडर
होगी वैधानिक कार्यवाही
जिला आपूर्ति अधिकारी के अनुसार, इन सभी प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। इन मामलों को कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत कर संबंधितों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
"घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग अवैध है और इसे रोकने के लिए जिले में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।"
— खाद्य विभाग, देवास
इस कार्यवाही दल में मुख्य रूप से सहायक आपूर्ति अधिकारी भानसिंह राय एवं धर्मेन्द्र वर्मा शामिल रहे। इस कार्यवाही से शहर के होटल संचालकों में हड़कंप मच गया है।
रिपोर्टर : साजिद पठान

No Previous Comments found.