खातेगांव के सितारों ने ताइवान में गाड़ा झंडा: नीतिका और देव ने अंतरराष्ट्रीय पोल वॉल्ट स्पर्धा में जीते पदक
देवास : जिले के खातेगांव क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर देवास के दो होनहार खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए न केवल जिले और प्रदेश, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। ताइवान में आयोजित 'Nantou Sun Moon Lake International Pole Vault Invitational 2026' में इन एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन कर पदक अपने नाम किए।
शानदार प्रदर्शन और उपलब्धियां
प्रतियोगिता में खातेगांव की बेटी और प्रतिभावान खिलाड़ी नीतिका आकरे ने अपनी खेल कुशलता का परिचय देते हुए 3.95 मीटर की प्रभावशाली छलांग लगाई और तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, जांबाज खिलाड़ी देव कुमार मीना ने 5.40 मीटर की ऊँची छलांग लगाकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
"खिलाड़ियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अटूट अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।"
अकादमी में तराशा गया हुनर
बता दें कि ये दोनों खिलाड़ी मध्यप्रदेश शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग की 'राज्य एथलेटिक्स अकादमी' में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। अकादमी के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों के पसीने ने आज उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया है।
कलेक्टर और एसपी ने दी बधाई
इस गौरवमयी उपलब्धि पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। अधिकारियों ने कहा कि देवास जिला खेल प्रतिभाओं से धनी है और प्रशासन खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
रिपोर्टर : साजिद पठान
No Previous Comments found.