नेमावर पुलिस की बड़ी सफलता: मात्र 24 घंटे में चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद, 2 आरोपी गिरफ्तार
देवास- नेमावर पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत, नेमावर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन चोरी के मामले का महज 24 घंटों के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद करने में सफलता हासिल की है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
रविवार को फरियादी अमन पिता संतोष सोनिया (निवासी नेमावर) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पल्सर मोटरसाइकिल (क्रमांक MP41ZF7727) को दो अज्ञात व्यक्ति भारत घावरी के घर के सामने से चुरा ले गए हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 67/2026 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती सौम्या जैन के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी नेमावर श्रीमती सुरेखा निमोदा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की सूचना और त्वरित तलाशी के दौरान खातेगांव की ओर जा रहे दो संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान:
विजय पिता सोम नाथ, निवासी: धनगांव, जिला हरदा।
राहुल पिता मदन नाथ, निवासी: संदलपुर, थाना खातेगांव, जिला देवास।
एक अन्य चोरी का भी खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने न केवल नेमावर से चोरी की गई पल्सर मोटरसाइकिल की बात कबूली, बल्कि यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने जिला बैतूल से एक अन्य साइन मोटरसाइकिल भी चोरी की थी। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर लिए हैं और आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर - साजिद पठान
No Previous Comments found.