आरटीओ ने जप्त की स्लाइडर लगी स्लीपर बस, पीयूसी नहीं होने पर 6 बसों पर किया 30 हजार का अर्थदण्ड
देवास : कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती निशा चौहान द्वारा जिले में यात्री बसों के विरूद्ध विशेष जॉच अभियान चलाया गया। चैकिंग कार्यवाही में यात्री बसों विशेषकर स्लीपर बसों की जॉच की गई जिसमें शासन द्वारा दिये गये मापदण्डों के अनुरूप निर्माण के संबंध में जॉच की गई। जॉच किये जाने पर एक स्लीपर यात्री बस जिसमें स्लाईडर लगे हुए थे, को तत्काल जप्त कर अभिरक्षा में लिया गया, मौके पर ही उक्त स्लीपर बस में लगे स्लाईडर को हटाया गया। एक अन्य यात्री बस का परमिट शर्तों के उल्लंघन में जप्त किया गया। चैकिंग कार्यवाही में यात्री बसों में निर्धारित दस्तावेजों जैसे परमिट, फिटनेस, बीमा, पीयूसी के साथ ही आपातकालीन द्वार, अग्निशमन यंत्र तथा सुरक्षा मानकों की विशेष जाँच की गई। आज की गई चैकिंग कार्यवाही में 2 यात्री बसों, तथा एक मालवाहक वाहन को जप्त कर परिवहन कार्यालय परिसर में अभिरक्षा में रखा गया। साथ ही 6 वाहनों पर पीयूसी नहीं पाए जाने पर चालानी कार्यवाही कर 30000 रुपए अर्थदण्ड किया गया।
उल्लेखनीय है कि परिवहन विभाग मध्यप्रदेश शासन द्वारा समस्त परिवहन अधिकारियों को यात्री बसों एवं स्लीपर बसों में सुरक्षा संबंधी मानकों जैसे आपातकालीन द्वार, अग्निशमन यंत्र, वीएलटीडी डिवाइस, स्लाइडर इत्यादि के संबंध में विशेष जॉच अभियान चलाने के संबंध में आदेश जारी किये गये हैं।
परिवहन अधिकारी ने मौके पर समस्त वाहन चालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपनी-अपनी बसों का संचालन यातायात नियमों के अनुरूप ही करें, किसी भी परिस्थिति में ओव्हरलोडिंग एवं ओव्हर स्पीडिंग ना की जावे। नियमों का पालन नहीं किये जाने पर वाहन एवं वाहन चालकों के विरूद्ध सख्ती से चालानी कार्यवाही की जावेगी। परिवहन अधिकारी द्वारा बताया गया कि चैकिंग अभियान निरन्तर जारी रहेगा।
रिपोर्टर : साजिद पठान

No Previous Comments found.