ऑपरेशन मुस्कान: पीपलरावाँ पुलिस ने 900 किमी दूर लखनऊ से नाबालिग को ढूँढा, परिजनों के चेहरे पर लौटी खुशी
देवास : पीपलरावाँ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन मुस्कान" को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना पीपलरावां पुलिस ने महज 9 दिनों के भीतर 900 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के लखनऊ (थाना दुबग्गा क्षेत्र) से एक लापता नाबालिग बालक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 'मिशन मोड' में कार्रवाई
देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा जिले के सभी थानों को लंबे समय से लापता या अपहृत नाबालिगों को मिशन स्तर पर खोजने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में थाना पीपलरावां में दर्ज अपराध क्रमांक 118/2026 (धारा 137(2) BNS) के तहत एक नाबालिग बालक की तलाश सरगर्मी से की जा रही थी।
तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र आए काम
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी सोनकच्छ श्रीमती दीपा माण्डवे के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी पीपलरवां निरीक्षक सुबोध गौतम एवं चौकी बालौन प्रभारी उनि कपिल नरवले के नेतृत्व में टीम लगातार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं पर काम कर रही थी।
जांच के दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि बालक उत्तर प्रदेश के लखनऊ में देखा गया है। बिना समय गंवाए पुलिस की विशेष टीम को लखनऊ रवाना किया गया, जहां बुधवार को टीम ने बालक को सकुशल ढूंढ निकाला।
परिजनों ने माना पुलिस का आभार
बालक के घर लौटते ही परिजनों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस प्रशासन की तत्परता की सराहना की। पुलिस के अनुसार, बालक द्वारा दिए गए कथनों और माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किए गए साक्ष्यों के आधार पर अब प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
रिपोर्टर : साजिद पठान
No Previous Comments found.