अब खिलेगी बच्चों की मुस्कान: कलेक्टर के मार्गदर्शन में शुरू हुआ 'किलकारी अभियान 2.0'

देवास : जिले के कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से जिले में  कलेक्टर ऋतुराज सिंह के मार्गदर्शन 'किलकारी अभियान 2.0' का शुभारम्‍भ किया गया। अभियान के तहत चिन्हांकित कुपोषित बच्चों की चिकित्सालयों में विशेष स्क्रीनिंग की जा रही है। गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को 14 दिनों तक अस्पताल में भर्ती कर उनका नि:शुल्क उपचार सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती ज्योति शर्मा द्वारा अमलतास हॉस्पिटल में स्क्रीनिंग एवं भर्ती बच्चों की माताओं से चर्चा कर चिकित्सकों को आवश्‍यक दिशा निर्देश दिए गए। उन्‍होंने बच्चों को एल्बेण्डाजोल सीरप भी पिलाने के निर्देश दिए गए। अमलतास हॉस्पिटल में 242 बच्चों की स्क्रीनिंग की जाकर 72 बच्चे भर्ती करवाए गए हैं। इसी प्रकार जिले की एनआरसी में सोनकच्छ 31, देवास 8, टोंकखुर्द 13, कन्नौंद 50, खातेगांव 13 एवं बागली 38 बच्चे भर्ती करवाए गए हैं।

अभियान के तहत बच्चों के साथ-साथ उनकी माताओं के स्वास्थ्य और पोषण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। काउंसलिंग के माध्यम से उन्हें स्वच्छता, संतुलित एवं पौष्टिक आहार तैयार करने और बच्चों की देखभाल से जुड़ी शिक्षा दी जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को सफल बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग, शिक्षा विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा अमलतास चिकित्सालय सामूहिक रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग ने बताया कि अमलतास हॉस्पिटल द्वारा बच्चों को लाने के लिए बस एवं मैजिक उपलब्ध करवाए गए हैं। बच्चों को नि:शुल्क उपचार एवं नाश्ता भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। जबकि एनआरसी में भर्ती करवाए गए बच्चों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा नि:शुल्क नाश्ता एवं भोजन तथा उपचार किया जा रहा है। शिक्षा एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा हॉस्टल एवं बेड उपलब्ध करवाए गए हैं।

रिपोर्टर - साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.