कलेक्‍टर सख्‍त; तालाबों से अतिक्रमण हटाने और अवैध बोर खनन पर कार्यवाही के निर्देश

​देवास : कलेक्‍टर  ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा (TL) बैठक में जिले के विकास और प्रशासनिक कसावट को लेकर कई कड़े फैसले लिए गए। कलेक्‍टर ने जल संरक्षण,शासकीय भूमि की सुरक्षा और जनहितकारी योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया है।

​तालाबों और शासकीय भूमि से हटेगा अवैध कब्जा

​कलेक्‍टर सिंह ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों के तालाबों का निरीक्षण कर तत्काल अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। इसके साथ ही: ​एसडीएम और तहसीलदार हल्कावार शासकीय भूमि की सूची तैयार करेंगे।

​अवैध कब्जे वाली भूमि की जानकारी ग्राम पंचायत के सूचना पटल पर चस्पा की जाएगी। अतिक्रमणकारियों पर कार्यवाही के साथ भारी अर्थदंड भी लगाया जाएगा। ​5 जनपद CEO की रुकेगी वेतन वृद्धि,शोकाज नोटिस जारी ​"जल गंगा संवर्धन अभियान" की समीक्षा के दौरान कार्यों में प्रगति न होने पर कलेक्‍टर ने कड़ी नाराजगी जताई। केवल बागली जनपद में अच्छा कार्य पाए जाने पर वहां के CEO को छोड़कर,देवास,सोनकच्छ,टोंकखुर्द,कन्नौद और खातेगांव के जनपद CEO की वेतन वृद्धि रोकने हेतु कारण बताओ (Show-cause) नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

​अवैध बोर खनन पर शिकंजा

​गिरते जलस्तर को देखते हुए कलेक्‍टर ने अवैध बोर खनन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही के आदेश दिए हैं। बिना अनुमति बोरिंग करने वाली मशीनों को जब्त किया जाएगा और संबंधित व्यक्तियों पर एफआईआर व अन्य वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

अन्य महत्वपूर्ण निर्देश और समीक्षा:

​स्वास्थ्य एवं टीकाकरण: सोनकच्छ में एचपीवी (HPV) टीकाकरण की धीमी गति पर असंतोष जताते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा। कुपोषित बच्चों के लिए 'किलकारी अभियान' के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। ​नल-जल योजना: लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि जिन ग्रामों में योजना पूर्ण हो चुकी है, वहां तत्काल पानी की सप्लाई शुरू की जाए। ​स्वच्छता सर्वेक्षण: निकायों को रेड एवं येलो स्पॉट हटाने और ओडीएफ++ के मापदंडों को पूरा करने के निर्देश दिए।
​गेहूं उपार्जन: जिले में अब तक 2,05,260 मीट्रिक टन गेहूं खरीदी हो चुकी है और 251.61 करोड़ रुपये का भुगतान किसानों को किया जा चुका है।

​एमपी फार्मगेट ऐप: देवास मंडी पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रही है। कलेक्‍टर ने उदयनगर, अजनास, टोंकखुर्द और भौंरासा मंडियों को भी तत्काल पूरी तरह सक्रिय करने के निर्देश दिए। ​बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती ज्‍योति शर्मा,नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार,अपर कलेक्टर संजीव जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे,जबकि विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।


रिपोर्टर : साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.