कलेक्टर ने दिखाई सख्ती, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के वेतन काटने और नोटिस जारी करने के निर्देश

​देवास : कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा (TL) संबंधी लंबित पत्रों और अंतरविभागीय समन्वय की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने मैदानी स्तर पर उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़े तेवर अपनाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

​प्रशासनिक सख्ती: SDM और जनपद CEO को नोटिस
​राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पाया कि सीमांकन, बंटवारा और नामांतरण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में लापरवाही बरती गई है। लोकसेवा गारंटी अधिनियम के तहत समय-सीमा में निराकरण न होने पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी एसडीएम  को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
​वहीं, सामूहिक वन संसाधन अधिकार (CFRR) योजना के प्रशिक्षण में रुचि न लेने और आदेश की अवहेलना करने पर जनपद सीईओ खातेगांव, अश्विनी राठौर को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
​महिला बाल विकास: सुपरवाइजर्स का कटेगा 7 दिन का वेतन
​पोषण अभियान के अंतर्गत 'मप्र बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम' की समीक्षा में गंभीर कमियां पाई गईं। सेम/मेम और अति कम वजन वाले बच्चों के पंजीयन में खराब प्रदर्शन पर कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई की:
​सोनकच्छ: 5 सुपरवाइजर्स के 7 दिन का वेतन काटने के निर्देश।
​कन्नौद एवं खातेगांव: खराब प्रदर्शन करने वाली 2-2 सुपरवाइजर्स का 7-7 दिन का वेतन कटेगा।
​शिक्षा और पेयजल व्यवस्था पर जोर
​पाठ्यपुस्तक वितरण: सत्र 2026-27 के लिए पुस्तकों के वितरण में देरी करने वाले शिक्षकों के विरुद्ध जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
​नल-जल योजना: कलेक्टर ने निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुकी योजनाओं को तुरंत हस्तांतरित करें ताकि गर्मी में ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
​किसान कल्याण: 566 करोड़ का भुगतान सफल
​गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए बताया गया कि जिले में अब तक 3,10,498 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। इसके बदले किसानों को 566.36 करोड़ रुपये का सफल भुगतान किया जा चुका है। कलेक्टर ने शेष भुगतान भी तत्काल करने के निर्देश दिए।
​जल गंगा संवर्धन अभियान
​कलेक्टर ने 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के तहत तालाबों, नदियों और कुएं-बावड़ियों की सफाई एवं गहरीकरण कार्य में गति लाने के निर्देश दिए ताकि भविष्य के लिए जल संग्रहण क्षमता को बढ़ाया जा सके।
​बैठक में उपस्थिति:
बैठक में जिला पंचायत सीईओ ज्‍योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, संजीव कुमार जैन सहित जिला अधिकारी मौजूद थे, जबकि विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली शामिल हुए।

रिपोर्टर : साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.