SDOP दीपा मांडवे और चौकी प्रभारी रमनदीप हुंडल तत्काल प्रभाव से निलंबित।

देवास : जिले की टोंकखुर्द तहसील में हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में राज्य शासन और पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता और आसूचना संकलन (Intelligence gathering) में नाकाम रहने के आरोप में सोनकच्छ की अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) यानी SDOP  दीपा मांडवे और टोंककला चौकी प्रभारी  रमनदीप हुंडल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। ​गृह विभाग और पुलिस अधीक्षक कार्यालय देवास द्वारा शनिवार को इस संबंध में अलग-अलग आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।

SDOP दीपा निरीक्षण में लापरवाही पर सस्पेंड, भोपाल रहेगा मुख्यालय

​उज्जैन संभाग के आयुक्त से प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर गृह विभाग ने SDOP दीपा मांडवे पर यह कार्रवाई की है।
​वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना: रिपोर्ट के अनुसार, शासन स्तर से समय-समय पर पटाखा फैक्ट्रियों की सुरक्षा और संचालन को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए थे। इसके बावजूद, SDOP दीपा मांडवे द्वारा उक्त फैक्ट्री का समय पर निरीक्षण नहीं किया गया और न ही वरिष्ठ कार्यालय को कोई रिपोर्ट भेजी गई। ​आचरण नियमों का उल्लंघन: पुलिस महानिदेशक (DGP) मध्यप्रदेश की अनुशंसा के बाद गृह विभाग ने माना कि अधिकारी का यह कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 के विपरीत है।

​मुख्यालय और भत्ता: गृह विभाग के अवर सचिव अन्नू भलावी द्वारा जारी आदेश के अनुसार,  दीपा मांडवे को मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील) नियम-1966 के नियम-9 के तहत सस्पेंड किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस मुख्यालय (PHQ), भोपाल तय किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलता रहेगा।

चौकी प्रभारी रमनदीप हुंडल भी निलंबित, सुरक्षा मानकों में मिली थीं भारी खामियां

​कलेक्टर और एसपी के निर्देश पर स्थानीय स्तर पर हुई जांच के बाद देवास पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय ने भी टोंककला चौकी प्रभारी  रमनदीप हुंडल को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया है (आदेश क्र/पुअ/देवास/निस/निलं./ 02 /2026)।
​लाइसेंस से कई गुना अधिक था बारूद: प्रारंभिक जांच और घटनास्थल के अवलोकन से यह साफ हुआ है कि देवास-मक्सी मुख्यमार्ग पर ग्राम टोंककला में संचालित इस कारखाने में सुरक्षा के कोई समुचित प्रबंध नहीं थे। फैक्ट्री में विस्फोटक सामग्री लाइसेंस में तय की गई मात्रा से कई गुना अधिक पायी गई। ​बाहरी राज्यों के मजदूर और सूचना तंत्र फेल: इस कारखाने में बड़ी संख्या में अन्य राज्यों के निवासी मजदूर के रूप में काम कर रहे थे, जो इसी चौकी क्षेत्र में रह रहे थे। ​कार्रवाई का आधार: चौकी प्रभारी रमनदीप हुंडल द्वारा इस संवेदनशील कारखाने और वहां रह रहे बाहरी लोगों के संबंध में वरिष्ठ कार्यालय को कोई जानकारी प्रेषित नहीं की गई थी। प्रथमदृष्ट्या इसे अपेक्षित आसूचना संकलन (Information collection) का अभाव और पदीय कर्तव्यों में लापरवाही मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन काल में उनका मुख्यालय पुलिस लाईन देवास रहेगा।

​पृष्ठभूमि: 14 मई को हुआ था दर्दनाक हादसा

​गौरतलब है कि यह भीषण हादसा 14 मई 2026 को सुबह करीब 10:40 बजे थाना टोंकखुर्द के अंतर्गत चौकी टोंककला क्षेत्र में स्थित मक्सी रोड पर हुआ था। पटाखा कारखाने में हुए इस जोरदार ब्लास्ट में कई लोगों की जान चली गई थी, जबकि अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज अभी भी जारी है। इस संवेदनशील मामले पर मुख्यमंत्री कार्यालय  और गृह विभाग सीधे नजर बनाए हुए हैं, जिसके बाद प्रशासनिक अमले में इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।

रिपोर्टर - साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.