जिला कार्यक्रम अधिकारी ने किया पीपलरावाँ के आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण।
देवास : महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी साबिर अहमद सिद्दीकी द्वारा सोनकच्छ परियोजना के अंतर्गत पीपलरावाँ स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 11 और 14 का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण स्तर की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सिद्दीकी ने विशेष रूप से बच्चों के वजन और ऊंचाई के रिकॉर्ड की जांच की और मौके पर स्वयं उनका सत्यापन किया।
आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 14 के निरीक्षण के दौरान बच्चों की ऊंचाई के रिकॉर्ड और वास्तविक माप में अंतर (त्रुटि) पाया गया। इस विसंगति पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी ने संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को फटकार लगाई और सख्त हिदायत दी कि बच्चों के शारीरिक माप के आंकड़ों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि भविष्य में इस तरह की त्रुटि दोबारा सामने न आए। "बच्चों के पोषण और विकास का सही मूल्यांकन सटीक आंकड़ों पर ही निर्भर करता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही होने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।" साबिर अहमद सिद्दीकी, जिला कार्यक्रम अधिकारी इस दौरान उन्होंने अन्य कार्यकर्ताओं को भी पूरी निष्ठा और शुद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ताकि कुपोषण के खिलाफ चल रहे अभियान को सही दिशा मिल सके।
रिपोर्टर : साजिद पठान


No Previous Comments found.