कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई: लोक सेवा गारंटी में लापरवाही पर तहसीलदार और अपर तहसीलदारों पर लगा जुर्माना

देवास : शासकीय कार्यों में लापरवाही और आम जनता से जुड़े मामलों को लटकाने वाले अधिकारियों पर देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने कड़ा शिकंजा कसा है। समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक (TL) में कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत तय समयावधि में प्रकरणों का निराकरण न करने वाले तहसीलदारों, अपर तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों पर आर्थिक जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अन्य विभागों के लापरवाह अधिकारियों पर भी वेतन काटने और नोटिस जारी करने की गाज गिरी है।

​कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक में सीईओ जिला पंचायत ज्योति शर्मा, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी सहित सभी जिला अधिकारी मौजूद थे, जबकि विकासखंड स्तरीय अधिकारी वर्चुअली जुड़े।
​ इन अधिकारियों पर लगा 250-250 रुपये का अर्थदंड
​लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई अधिकारियों ने तय समय-सीमा बीत जाने के बाद भी मामलों का निराकरण नहीं किया। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने प्रति प्रकरण 250-250 रुपये का वित्तीय दंड लगाने के निर्देश अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी को दिए।
​अपर तहसीलदार सोनकच्छ: 04 लंबित प्रकरण
​तहसीलदार टोंकखुर्द: 04 लंबित प्रकरण
​नायब तहसीलदार हाटपीपल्या: 02 लंबित प्रकरण
​अपर तहसीलदार देवास: 02 लंबित प्रकरण
​तहसीलदार सोनकच्छ, उदयनगर एवं खातेगांव: 01-01 लंबित प्रकरण
​कलेक्टर की दो टूक: "लोक सेवा गारंटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत इन सभी संबंधित अधिकारियों पर तत्काल नियमानुसार वित्तीय दंड की कार्रवाई की जाए। जनता के काम में देरी बर्दाश्त नहीं होगी।"
​लापरवाही पर अन्य बड़ी कार्रवाइयां
​खाद्य सुरक्षा अधिकारी पर गाज: खाद्य सुरक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान पाया गया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर द्वारा विभागीय कार्यों में अत्यधिक लापरवाही और उदासीनता बरती जा रही है। कलेक्टर ने उनकी दो वेतन वृद्धि रोकने संबंधी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
​जनपद सीईओ का कटेगा वेतन: बिना किसी पूर्व अनुमति के बैठक से नदारद रहने पर जनपद पंचायत सीईओ टोंकखुर्द को 2 दिन का वेतन काटने संबंधी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
​पटवारियों को शोकाज नोटिस: कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान 'एग्रीस्टेग' में किसानों के पंजीयन में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों को कारण बताओ (शोकाज) नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
​ 'जल गंगा संवर्धन अभियान' में देवास टॉप-10 में
​बैठक में कलेक्टर ने “जल गंगा संवर्धन अभियान” की प्रगति की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि अभियान के बेहतर संचालन और क्रियान्वयन में देवास जिला पूरे मध्य प्रदेश में 10वें स्थान पर है। उन्होंने नगरीय और ग्रामीण निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि चिन्हित कुएं, बावड़ी, तालाब और नदियों के संरक्षण कार्य को समय पर पूरा करें।
​पेयजल के लिए रोज शाम को होगी वीसी 
​ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सुचारू पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल जैसी आवश्यक सेवा में लापरवाही पर सीधे कार्रवाई होगी।
​जल अर्पण दिवस: पूर्ण हो चुकी एकल नल-जल योजनाओं को अलग-अलग समय पर हैंडओवर न करके, माह के प्रथम रविवार को स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में 'जल अर्पण दिवस' मनाकर हैंडओवर किया जाएगा।
​रोजाना मॉनिटरिंग: पेयजल संबंधी शिकायतों और उनके निवारण की स्थिति की समीक्षा के लिए प्रतिदिन शाम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) आयोजित की जाएगी।
​स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
​कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर शत-प्रतिशत एएनसी  पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सीवियर एनेमिक (गंभीर रूप से खून की कमी वाली) गर्भवती महिलाओं के प्रबंधन और 'टीबी मुक्त भारत अभियान' की भी गहन समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रिपोर्टर : साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.