मिलावटखोरी पर कसेगा शिकंजा: कलेक्टर ने दिए चौपाटियों, स्कूलों और बाजारों में सघन जांच के निर्देश।

​देवास : जिले में मिलावटखोरी और अस्वच्छ खान-पान पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर ऋतुराज  सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन और समीक्षा के उद्देश्य से जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई।

​बैठक में कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निरंतर जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और खाद्य सुरक्षा दल को लगातार औचक निरीक्षण (सरप्राइज चेकिंग) व जांच कार्यवाहियां करने के सख्त निर्देश दिए।
​नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्यवाही
​कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने स्पष्ट किया कि जिले में खाद्य लाइसेंस के निर्धारित नियमों और शर्तों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले और लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए।
​कलेक्टर ने विशेष रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की सघन जांच के निर्देश दिए हैं:
​स्कूल, कॉलेज और हॉस्पिटल कैंटीन
​स्थानीय बाजार और औद्योगिक क्षेत्र
​सभी नगर पालिक परिषदों के अंतर्गत आने वाली चौपाटियाँ
​अफसर खुद जाएंगे स्कूल, बच्चों को करेंगे जागरूक
​बच्चों के स्वास्थ्य को सर्वोपरि रखते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं स्कूलों का दौरा करें। अधिकारी बच्चों को सुरक्षित, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन के चयन के संबंध में जानकारी दें। बच्चों को दैनिक आहार में 'क्या खाना चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए' का पाठ पढ़ाया जाए और जंक फूड या स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य सामग्रियों के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया जाए।
​अब तक की कार्यवाहियों का ब्योरा
​बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुरेंद्र ठाकुर ने जिले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत की गई कार्यवाहियों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि:
​विगत वर्ष: जांच कार्यवाही के दौरान कुल 39 प्रकरण बनाकर वैधानिक कार्यवाही की गई।
​चालू वित्तीय वर्ष: अब तक की गई कार्यवाहियों में कुल 06 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं।
​बैठक में ये रहे मौजूद:
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती विशाखा देशमुख सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।।

रिपोर्टर : साजिद पठान

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.